TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: सोनभद्र में सफाईकर्मी की संदिग्ध मौत से सनसनी, बंद कमरे में फंदे पर मिला शव
Sonbhadra News: सोनभद्र के चोपन थाना क्षेत्र के डाला चौकी अंतर्गत एक सफाईकर्मी इंद्र कुमार का शव उनके घर में फंदे से लटका मिला। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Sonbhadra News
Sonbhadra News: जनपद के चोपन थाना के डाला चौकी क्षेत्र अंतर्गत गुरुवार सुबह एक सफाईकर्मी की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। नगर पंचायत डाला में तैनात कर्मचारी का शव उसके ही घर के अंदर फंदे से लटका मिलने के बाद मोहल्ले में हड़कंप मच गया। घटना को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं, जबकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच में जुट गई है।
धौठा टोला निवासी 45 वर्षीय इंद्र कुमार रोज की तरह सुबह बाहर नहीं निकले तो परिजनों को चिंता हुई। उनका चचेरा भाई प्रवीण जब घर पहुंचा, तब मुख्य दरवाजा भीतर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद कोई हलचल नहीं हुई। शक होने पर उसने खिड़की से अंदर झांका तो कमरे का नजारा देख सन्न रह गया।कमरे के भीतर इंद्र कुमार रस्सी के सहारे लटके हुए थे। जानकारी फैलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने दरवाजा खुलवाकर उन्हें नीचे उतारा और आनन-फानन में निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर मिलते ही डाला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतक के पारिवारिक और सामाजिक पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि मौत के पीछे की वजह स्पष्ट हो सके।इलाके में इस घटना को लेकर गहरा दुख और चर्चा का माहौल बना हुआ है। नगर पंचायत कर्मचारियों में भी घटना के बाद शोक की लहर दौड़ गई।


