TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: डिवाइडर कटिंग पर अचानक मुड़ा ट्रक, पीछे से टकराया हाइवा; बाल-बाल बचा चालक
Sonbhadra News: सोनभद्र के डाला में अल्ट्राटेक पार्किंग के सामने डिवाइडर कटिंग पर अचानक मुड़े कोयला लदे ट्रक से पीछे आ रहा हाइवा टकरा गया। हादसे में हाइवा का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। स्थानीय लोगों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला।
Sonbhadra News
Sonbhadra News: सड़क पर अचानक बदलती वाहनों की दिशा किस तरह बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसका उदाहरण शनिवार सुबह चोपन थाना क्षेत्र के डाला में देखने को मिला। वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर शहीद स्थल से आगे अल्ट्राटेक पार्किंग के सामने डिवाइडर कटिंग पर कोयला लदे ट्रक के अचानक मुड़ने से पीछे से आ रहा हाइवा उससे टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाइवा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। हालांकि स्थानीय लोगों की तत्परता से उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। गनीमत रही कि चालक को कोई चोट नहीं आई।
अचानक मुड़ गया ट्रक, पीछे से भिड़ा हाइवा
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब आठ बजे रेणुकूट की ओर से कोयला लदा ट्रक वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग से गुजर रहा था। डाला पुलिस चौकी क्षेत्र में अल्ट्राटेक पार्किंग के सामने पहुंचते ही चालक ने डिवाइडर कटिंग से ट्रक को अचानक दाहिनी ओर पार्किंग में जाने के लिए मोड़ दिया। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रहा हाइवा चालक अरुण कुमार भारती निवासी चपकी, बीजपुर अचानक सामने ट्रक को देखकर संभलने का प्रयास करने लगा। उसने ब्रेक और हैंडब्रेक लगाया, लेकिन ब्रेक फेल होने के कारण हाइवा अनियंत्रित होकर ट्रक से जा भिड़ा।
केबिन में फंसे चालक को लोगों ने निकाला
टक्कर के बाद हाइवा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। दुर्घटना होते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए काफी प्रयास के बाद चालक अरुण कुमार भारती को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात रही कि उसे किसी प्रकार की शारीरिक चोट नहीं आई। सूचना मिलने पर डाला पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आवश्यक कार्रवाई में जुट गई।
डिवाइडर कटिंग पर सुरक्षा इंतजाम नदारद
इस दुर्घटना ने एक बार फिर अल्ट्राटेक पार्किंग के सामने बने डिवाइडर कटिंग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थान लंबे समय से दुर्घटना की आशंका वाला क्षेत्र बना हुआ है। पार्किंग में भारी वाहनों के प्रवेश और निकास के लिए इसी कटिंग का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन यहां यातायात नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं।लोगों के मुताबिक पार्किंग में प्रवेश करने वाले भारी वाहन मुख्य मार्ग पर अचानक मुड़ जाते हैं। इससे पीछे से आने वाले वाहनों के चालकों को संभलने का पर्याप्त समय नहीं मिल पाता। इसके बावजूद न तो अल्ट्राटेक प्रबंधन की ओर से सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है और न ही डाला पुलिस चौकी की ओर से यहां नियमित पुलिस ड्यूटी लगाई जाती है।
मांग के बावजूद नहीं बदली व्यवस्था
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस स्थान पर सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस ड्यूटी लगाने की मांग कई बार शासन-प्रशासन से की जा चुकी है, लेकिन वर्षों बीतने के बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों ने सवाल उठाया कि जब यह मार्ग भारी वाहनों की आवाजाही के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है और पार्किंग के सामने लगातार वाहनों का आवागमन बना रहता है, तो सुरक्षा इंतजामों की अनदेखी क्यों की जा रही है।नागरिकों ने प्रशासन और अल्ट्राटेक प्रबंधन से डिवाइडर कटिंग पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती, चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर और यातायात नियंत्रण की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। शनिवार की दुर्घटना ने एक बार फिर इस संवेदनशील स्थान पर प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था की जरूरत को उजागर कर दिया है।


