Sonbhadra News: सीएम डैशबोर्ड पर कड़ा एक्शन मोड: अधूरे आवास, शिकायत निस्तारण पर डीएम ने कसी लगाम

Sonbhadra News: सोनभद्र में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने सीएम डैशबोर्ड समीक्षा बैठक में अधूरे आवास, आईजीआरएस शिकायतों, पीएम सूर्य घर योजना और युवा उद्यमी योजनाओं की प्रगति पर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 18 May 2026 9:52 PM IST
Sonbhadra News: सीएम डैशबोर्ड पर कड़ा एक्शन मोड: अधूरे आवास, शिकायत निस्तारण पर डीएम ने कसी लगाम
X

Sonbhadra News

Sonbhadra News: जनपद में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि शासन की प्राथमिकताओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नवीन व्यवस्था के तहत सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने विभागवार प्रगति पर गहन चर्चा की और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि विकास कार्यों में तेजी लाकर जनता तक योजनाओं का लाभ समय से पहुंचाना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कार्यों में शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर विभागीय कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा जाएगा।

पीएम सूर्य घर योजना पर फोकस, बैंकों को दिए विशेष निर्देश

पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने बैंकिंग स्तर पर लंबित मामलों पर नाराजगी जताई। उन्होंने एलडीएम को निर्देशित किया कि योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को सब्सिडी एवं ऋण संबंधी सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही कहा कि शासन से निर्धारित लक्ष्यों का शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि अधिक से अधिक पात्र परिवार योजना का लाभ उठा सकें।

अधूरे आवासों को जल्द पूरा कराने के निर्देश

प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अपूर्ण आवासों की स्थिति पर गंभीरता दिखाई। उन्होंने परियोजना निदेशक डीआरडीए एस.के. राय को निर्देश दिए कि जिन आवासों का निर्माण अब तक पूरा नहीं हुआ है, उन्हें अभियान चलाकर शीघ्र पूर्ण कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गरीबों के आवास निर्माण में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

सैम-मैम बच्चों के चिन्हांकन और स्वास्थ्य परीक्षण पर जोर

बैठक में कुपोषित बच्चों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि सैम और मैम श्रेणी के बच्चों का चिन्हांकन एवं स्वास्थ्य परीक्षण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए ताकि बच्चों को समय से पोषण एवं उपचार की सुविधा मिल सके।

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में तेजी लाने के निर्देश

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी लोन योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने उपायुक्त उद्योग एवं एलडीएम को निर्देशित किया कि लाभार्थियों की लंबित पत्रावलियों का निस्तारण तेजी से किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार योजनाएं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं, इसलिए इसमें अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर चेतावनी

आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों के खिलाफ असंतुष्ट फीडबैक प्राप्त होगा, उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। जनता की शिकायतों के समाधान में लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं होगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी संतपाल वर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पाण्डेय, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक जय राम सिंह, डीसी मनरेगा रवीन्द्र वीर सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए एस.के. राय, जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Shalini singh

Shalini singh

Mail ID - Shalinisingh34678346@gmail.com

Next Story