TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: बरसात से पहले नालों की सफाई पूरी करें, लापरवाही पर होगी कार्रवाई: डीएम
Sonbhadra News: सोनभद्र में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मानसून से पहले सभी नालों की सफाई पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
Sonbhadra News
Sonbhadra News: मानसून की दस्तक से पहले नगर क्षेत्रों को जलभराव और गंदगी से मुक्त रखने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने नगर निकायों के अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि बरसात शुरू होने से पहले सभी नालों की सफाई हर हाल में पूरी कर ली जाए। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता सामने आने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों में उपलब्ध बजट के सापेक्ष कराए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए नाला सफाई कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखा जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि नगर क्षेत्रों में कहीं भी जल निकासी बाधित न हो।
बैठक में नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि आगामी एक सप्ताह तक प्रतिदिन सुबह सात बजे से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। अभियान की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि सफाई कार्यों की निगरानी केवल कागजी रिपोर्टों के आधार पर नहीं होगी, बल्कि वीडियो कॉल के माध्यम से भी जमीनी हकीकत की समीक्षा की जाएगी।विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने 15वें एवं 16वें वित्त आयोग की धनराशि से संचालित परियोजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं, ताकि जनता को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके। उन्होंने साफ कहा कि गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बैठक में धार्मिक स्थलों और मंदिरों के सौंदर्यीकरण कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण उनकी गरिमा और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा विषय है। इसलिए सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराए जाएं, जिससे इन स्थलों का आकर्षण बढ़े और श्रद्धालुओं को बेहतर वातावरण मिल सके।शहरी आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में जिलाधिकारी ने नगर पालिका क्षेत्र में एक आधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इससे भविष्य में विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और प्रशासनिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) वागीश कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे रोहित यादव, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी का रुख स्पष्ट रहा कि मानसून से पहले सफाई, विकास और सौंदर्यीकरण से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


