TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर डीएम सख्त,मेडिकल कॉलेज और विकास परियोजनाओं की समीक्षा
Sonbhadra News: सोनभद्र के जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मेडिकल कॉलेज समेत विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
Sonbhadra News: जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनपद में चल रहे सभी निर्माण एवं विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
कलेक्ट्रेट स्थित जनसुनवाई कक्ष में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग स्टाफ की तैनाती तथा उनसे संबंधित समस्याओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य को निर्देशित किया कि नर्सिंग स्टाफ से जुड़ी सभी समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर जिला स्तर पर ही सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जिन मामलों में शासन स्तर पर कार्रवाई आवश्यक हो, उनके संबंध में बिना विलंब के पत्राचार कर उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए, ताकि व्यवस्थाएं बाधित न हों और चिकित्सा सेवाएं सुचारु रूप से संचालित होती रहें।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि मरीजों को बेहतर, त्वरित और प्रभावी उपचार उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी आवश्यक संसाधनों और व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से मजबूत किया जाए।इसके उपरांत जिलाधिकारी ने ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा जिला खनिज फाउंडेशन निधि से जनपद में कराए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि पांच करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली सभी परियोजनाओं की गुणवत्ता की जांच आईआईटी जैसी प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थाओं से कराई जाए, जिससे कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने यह भी कहा कि अन्य निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांच हेतु विभागीय स्तर पर विशेष टीम गठित की जाए, जो नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करे। किसी भी परियोजना में आगे की कार्यवाही केवल गुणवत्ता परीक्षण के बाद ही की जाए। साथ ही सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण किए जाएं।बैठक में मुख्य कोषाधिकारी इंद्रभान सिंह, सीनियर माइंस ऑफिसर कमल कश्यप, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी संतपाल वर्मा, अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग नूर आलम सहित संबंधित निर्माण एजेंसियों के अधिकारी उपस्थित रहे।


