Sonbhadra News: घाघर नदी में मिला दर्दनाक मंजर! मछली पकड़ने गए बुजुर्ग का शव मिलने से गांव में मातम

Sonbhadra News: सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र में घाघर नदी में एक बुजुर्ग का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मछली पकड़ने गए 70 वर्षीय रामधारी जायसवाल लापता थे, जिनका शव अगले दिन नदी में मिला।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 6 Jun 2026 10:17 PM IST
Sonbhadra News: घाघर नदी में मिला दर्दनाक मंजर! मछली पकड़ने गए बुजुर्ग का शव मिलने से गांव में मातम
X

Sonbhadra News: जनपद के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के चुर्क चौकी अंतर्गत घाघर नदी में शनिवार को एक बुजुर्ग का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। शुक्रवार को घर से मछली पकड़ने निकले वृद्ध के वापस न लौटने पर परिजन रातभर परेशान रहे। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई पता नहीं चल सका, लेकिन शनिवार सुबह नदी में उनका शव उतराता मिलने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

मिली जानकारी के अनुसार करमांव गांव निवासी 70 वर्षीय रामधारी जायसवाल पुत्र स्वर्गीय सरजू जायसवाल शुक्रवार को रोजमर्रा की तरह घाघर नदी में मछली पकड़ने के लिए घर से निकले थे। परिजनों को उम्मीद थी कि वह शाम तक लौट आएंगे, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर चिंता बढ़ गई। परिवार के लोगों और ग्रामीणों ने आसपास के इलाकों में उनकी तलाश शुरू की, मगर उनका कोई सुराग नहीं मिला।

शनिवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे कुछ ग्रामीण घाघर नदी के किनारे पहुंचे तो उन्होंने पानी में एक शव तैरता देखा। सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। शव की पहचान करमांव निवासी रामधारी जायसवाल के रूप में होने पर परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, जबकि गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।

घटना की जानकारी मिलते ही चुर्क चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया तथा पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि मछली पकड़ने के दौरान किसी कारणवश वह नदी में डूब गए होंगे, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

इस दर्दनाक घटना के बाद करमांव गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि रामधारी जायसवाल मिलनसार और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे। उनकी अचानक हुई मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है और हर कोई इस घटना से स्तब्ध नजर आ रहा है।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

Next Story