Sonbhadra News: फर्जी खनिज परिवहन गिरोह पर बड़ी कार्रवाई, दो पर ₹25-25 हजार इनाम घोषित

Sonbhadra News: सोनभद्र में फर्जी खनिज परिवहन गिरोह पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो फरार आरोपियों पर ₹25-25 हजार का इनाम घोषित, जांच तेज

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 6 July 2026 9:25 PM IST
Sonbhadra News: फर्जी खनिज परिवहन गिरोह पर बड़ी कार्रवाई, दो पर ₹25-25 हजार इनाम घोषित
X

Sonbhadra News : जनपद में फर्जी खनिज परिवहन परमिट (ट्रांजिट पास) तैयार कर अवैध खनिजों का परिवहन कराने वाले संगठित गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने थाना रॉबर्ट्सगंज में दर्ज एक चर्चित मामले में फरार चल रहे दो वांछित आरोपियों पर ₹25-25 हजार का इनाम घोषित किया है।

यह कार्रवाई मु.अ.सं. 526/2026 के तहत दर्ज मामले में की गई है, जिसमें आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम तथा सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज है।


फर्जी ट्रांजिट पास से हो रहा था अवैध खनन का खेल

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह फर्जी खनिज परिवहन परमिट तैयार कर अवैध रूप से खनिजों का परिवहन करा रहा था। इस गतिविधि के चलते सरकारी राजस्व को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।विवेचना के दौरान पुलिस ने गिरोह के कई सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर दो अन्य आरोपियों की भूमिका भी सामने आई, जो घटना के बाद से फरार चल रहे हैं।

दो आरोपियों पर ₹25-₹25 हजार का इनाम घोषित

फरार आरोपियों में अश्वनी कुमार सिंह (पुत्र मनोज कुमार पटेल, निवासी ग्राम कुराकला, थाना पन्नूगंज) और हिमांशु पाण्डेय (पुत्र राजकुमार पाण्डेय, निवासी प्रीत नगर, थाना चोपन) शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक ने दोनों पर ₹25-25 हजार का इनाम घोषित किया है।

पुलिस की लगातार दबिश, गिरफ्तारी के प्रयास तेज

पुलिस टीम लगातार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। हालांकि अब तक सफलता नहीं मिलने पर इनाम घोषित किया गया है, ताकि उनकी जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।

आमजन से सहयोग की अपील

पुलिस अधीक्षक ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को इन फरार आरोपियों के बारे में कोई भी विश्वसनीय जानकारी मिलती है, तो वह तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या सोनभद्र पुलिस को सूचित करे। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

अवैध खनन पर सख्त रुख

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और फर्जी दस्तावेजों के जरिए चल रहे इस पूरे नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस गिरोह से जुड़े सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

mithilesh.sonbhadra@gmail.com
Next Story