Sonbhadra News: शादी का झांसा देकर वर्षों शोषण, गर्भपात के बाद मुकरा आरोपी गिरफ्तार, रेप केस दर्ज

Sonbhadra News: सोनभद्र में शादी का झांसा देकर वर्षों तक कथित शोषण करने और गर्भपात के बाद मुकरने के आरोप में युवक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने रेप और एससी/एसटी एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 28 Jun 2026 8:53 PM IST
Sonbhadra News
X

Sonbhadra News(Photo-Social Media)

Sonbhadra News: शादी का सपना दिखाकर एक युवती का कथित रूप से वर्षों तक यौन शोषण करने, गर्भवती होने पर दबाव बनाकर गर्भपात कराने और बाद में शादी से इनकार करते हुए मारपीट व जातिसूचक टिप्पणी करने के गंभीर आरोपों में वांछित युवक को ओबरा पुलिस ने रविवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था, लेकिन मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने उसे शारदा मंदिर के पास से दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) अनिल कुमार, क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक सदानंद राय के नेतृत्व में की गई।

सोशल मीडिया से शुरू हुई पहचान, शादी के वादे पर बनाए संबंध

पुलिस के अनुसार पीड़िता ने थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि उसकी पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से सुनील कुमार मौर्या से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ कई वर्षों तक शारीरिक संबंध बनाए। युवती को विश्वास था कि दोनों का विवाह होगा, लेकिन बाद में आरोपी अपने वादे से मुकर गया।

गर्भ ठहरने पर नोएडा ले जाकर कराया गर्भपात

आरोप है कि जब युवती गर्भवती हुई तो आरोपी उसे नोएडा ले गया। वहां विवाह का भरोसा दिलाते हुए गर्भपात कराने का दबाव बनाया। पीड़िता का आरोप है कि उसकी जानकारी के बिना गर्भपात संबंधी दवा दी गई और 27 मई 2026 को एक निजी अस्पताल में उसका गर्भपात करा दिया गया। इसके बाद जब युवती ने विवाह की बात उठाई तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया।

शादी की मांग पर मारपीट और जातिसूचक टिप्पणी का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि शादी का दबाव बनाने पर आरोपी और उसके परिजनों ने उसके साथ मारपीट की, अभद्र व्यवहार किया और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए ओबरा थाने में मुकदमा संख्या 132/2026 दर्ज किया गया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69, 89, 115(2), 352 के साथ एससी/एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबोचा

मुकदमा दर्ज होने के बाद से पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। रविवार सुबह करीब 6:10 बजे मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने शारदा मंदिर, ओबरा के पास घेराबंदी कर आरोपी सुनील कुमार मौर्या (24), निवासी ग्राम परही (मधुपुर), थाना रॉबर्ट्सगंज को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय भेज दिया गया।

इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका

गिरफ्तारी अभियान में प्रभारी निरीक्षक सदानंद राय, आरक्षी प्रवीण कुमार राय तथा रिक्रूट आरक्षी सुल्तान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जनपद में महिलाओं के विरुद्ध अपराध और अन्य गंभीर मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

Next Story