किसानों पर बिजली विजिलेंस की कार्रवाई से नाराजगी, संदीप मिश्रा ने आंदोलन और घेराव की दी चेतावनी

Sonbhadra News: सोनभद्र में बिजली विभाग की विजिलेंस टीम पर किसानों को परेशान करने और प्रभावशाली लोगों के खिलाफ कार्रवाई में ढिलाई बरतने के आरोप लगे हैं।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 26 Nov 2026 4:08 PM IST
किसानों पर बिजली विजिलेंस की कार्रवाई से नाराजगी, संदीप मिश्रा ने आंदोलन और घेराव की दी चेतावनी
X

Sonbhadra News

Sonbhadra News: जिले में खेती-किसानी पहले से ही तमाम चुनौतियों से जूझ रही है। ऐसे में बिजली विभाग की विजिलेंस टीम की कार्रवाई को लेकर किसानों में नाराजगी बढ़ने लगी है। किसानों के खेतों में लगे सिंचाई उपकरणों को निशाना बनाए जाने और उनके उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा ने विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। मोर्चा ने चेतावनी दी है कि यदि किसानों के साथ कथित मनमानी पर तत्काल रोक नहीं लगी तो विजिलेंस टीम के खिलाफ व्यापक आंदोलन छेड़ा जाएगा।

गुरुवार को किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा का प्रतिनिधिमंडल संयोजक संदीप मिश्रा के नेतृत्व में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा। यहां अपर जिलाधिकारी रमेश चंद्र को ज्ञापन सौंपकर बिजली विभाग की विजिलेंस टीम की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी अधिकारियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि जिले में बिजली जांच के नाम पर किसानों को परेशान किया जा रहा है, जबकि प्रभावशाली लोगों के यहां बड़े पैमाने पर बिजली चोरी होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं दिखाई देती।

सिंचाई के साधनों पर कार्रवाई से बढ़ी नाराजगी

मोर्चा संयोजक संदीप मिश्रा ने कहा कि किसान तमाम आर्थिक और प्राकृतिक कठिनाइयों के बीच अपनी मेहनत के दम पर फसलों का उत्पादन कर रहे हैं। खेती की लागत लगातार बढ़ रही है और सिंचाई की व्यवस्था करना भी किसानों के लिए आसान नहीं रह गया है। ऐसी परिस्थितियों में खेतों में लगे मोनोब्लॉक और सबमर्सिबल पंप को काटकर ले जाने जैसी कार्रवाई किसानों की मुश्किलें और बढ़ा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिन उपकरणों के सहारे किसान अपनी फसलों को पानी देते हैं, उन्हें हटाने से उनकी खेती पर सीधा असर पड़ता है। किसानों के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

रसूखदारों के यहां कार्रवाई क्यों नहीं?

संदीप मिश्रा ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग की विजिलेंस टीम की सक्रियता आम और कमजोर किसानों के मामलों में ही अधिक दिखाई देती है। वहीं, जिन स्थानों पर प्रभावशाली और सत्ताधारी लोगों के संरक्षण में बड़े पैमाने पर बिजली चोरी किए जाने की शिकायतें हैं, वहां टीम की कार्रवाई अपेक्षाकृत कमजोर नजर आती है। उन्होंने कहा कि कानून और विभागीय नियम सभी के लिए समान होने चाहिए। बिजली चोरी के मामलों में कार्रवाई भी बिना किसी भेदभाव के होनी चाहिए। केवल किसानों को निशाना बनाकर विभाग अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकता।

घेराव और आंदोलन की दी चेतावनी

मोर्चा संयोजक ने अपर जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर कथित अनियमितताओं में संलिप्त अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की। साथ ही कहा कि किसानों के उत्पीड़न से जुड़ी शिकायतों का तत्काल संज्ञान लेकर ऐसी कार्रवाइयों पर रोक लगाई जाए। यदि विजिलेंस टीम की मनमानी पर अंकुश नहीं लगाया गया तो आने वाले दिनों में पूरी टीम का घेराव किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों के सम्मान, अधिकार और खेती के संसाधनों की सुरक्षा के लिए मोर्चा संघर्ष से पीछे नहीं हटेगा।प्रतिनिधिमंडल में आकाश चौहान, हर्षित तिवारी, विक्की पटेल, राजकुमार मौर्य, दिनेश चेरो, विजय चौहान, अरविंद चौहान और धीरज कनौजिया सहित अन्य लोग शामिल रहे।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

mithilesh.sonbhadra@gmail.com
Next Story