TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: गैंगस्टर पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, 9 लाख की लग्जरी XUV 500 कुर्क
Sonbhadra News: सोनभद्र में बभनी पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 9 लाख रुपये की महिंद्रा XUV 500 कुर्क कर ली। वाहन का इस्तेमाल अवैध गतिविधियों में किए जाने का आरोप है।
Sonbhadra News
Sonbhadra News: जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बभनी पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 9 लाख रुपये से अधिक कीमत की महिन्द्रा XUV 500 वाहन को कुर्क कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से अपराध जगत में हलचल तेज हो गई है। प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि अपराध से अर्जित संपत्तियों को किसी भी कीमत पर सुरक्षित नहीं रहने दिया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देश पर चल रहे विशेष अभियान के दौरान थाना बभनी पुलिस ने जिला मजिस्ट्रेट के आदेश के अनुपालन में गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत यह कार्रवाई की। कुर्क किया गया वाहन संख्या OD15L-0495 प्रयागराज निवासी मो. सरताज पुत्र मो. बब्बू के नाम पंजीकृत बताया गया है। आरोपी का पता मुंडेरा मंडी गेट, नीमसराय, थाना धूमनगंज जनपद प्रयागराज दर्ज है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी के खिलाफ थाना बभनी में एनडीपीएस एक्ट समेत गैंगस्टर एक्ट के तहत गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। जांच के दौरान सामने आया कि संबंधित वाहन का उपयोग अवैध गतिविधियों में किया गया था। यही कारण है कि पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए वाहन को कुर्क करने की कार्रवाई अमल में लाई।बताया गया कि उक्त XUV 500 पहले से ही एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मुकदमे में थाना बभनी में दाखिल थी। बुधवार को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में सभी विधिक औपचारिकताएं पूरी कर वाहन को आधिकारिक रूप से कुर्क कर लिया गया।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक दिन्नू प्रसाद यादव, थानाध्यक्ष रविकांत मिश्रा तथा कांस्टेबल रंजीत पाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों पर आगे भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों से अपराधियों में भय का माहौल देखा जा रहा है।


