Sonbhadra News: सोनभद्र में 86 किलो गांजा बरामद, बिना नंबर की किआ कार से तस्करी; तीन आरोपी गिरफ्तार

Sonbhadra News: सोनभद्र पुलिस ने ऑपरेशन शुद्धि के तहत लोढ़ी टोल प्लाजा के पास बिना नंबर की किआ कार से 86 किलो गांजा बरामद किया। मामले में बिहार के तीन कथित तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 21 Aug 2026 10:19 PM IST
Sonbhadra News: सोनभद्र में 86 किलो गांजा बरामद, बिना नंबर की किआ कार से तस्करी; तीन आरोपी गिरफ्तार
X

Sonbhadra News

Sonbhadra News: मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन शुद्धि' अभियान के तहत सोनभद्र पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। रॉबर्ट्सगंज पुलिस, लोढ़ी व चुर्क पुलिस चौकी और एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने लोढ़ी टोल प्लाजा के पास घेराबंदी करके एक हाई-टेक अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली किआ कार से 86 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 43 लाख रुपये बताई जा रही है।

ईको पॉइंट पर बिछाया गया जाल, भागने की कोशिश हुई नाकाम

20 अगस्त 2026 की शाम लोढ़ी टोल प्लाजा से पहले ईको पॉइंट के पास पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। उसी समय मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि तीन तस्कर काले रंग की बिना नंबर की किआ कार में ओडिशा से गांजा लादकर वाराणसी की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर दी। कुछ ही देर में चिन्हित किआ कार आती दिखाई दी। पुलिस को देखते ही तस्करों ने कार मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने शाम करीब 7:28 बजे घेराबंदी करके तीनों को बिना भागने का मौका दिए दबोच लिया।

कार की डिग्गी और सीट से बरामद हुए 35 खाकी बंडल

नगर क्षेत्राधिकारी रणधीर कुमार मिश्रा की मौजूदगी में जब कार की नियमानुसार तलाशी ली गई, तो उसकी डिग्गी और सीटों के पास से खाकी टेप से लिपटे हुए कुल 35 बंडल बरामद हुए। बंडलों को खोलकर इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौला गया, तो कुल 86 किलो गांजा निकला। इसे चार प्लास्टिक की बोरियों में सील किया गया। इसके अलावा पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार (कीमत ₹12 लाख), 3 एंड्रॉइड स्मार्टफोन और ₹680 नकद जब्त किए। बरामद कुल संपत्ति की कीमत लगभग 55 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

30 हजार के लालच में तस्कर बने आरोपी

पकड़े गए आरोपियों की पहचान बिहार के भोजपुर (आरा) निवासी राजकुमार पासवान (35 वर्ष), विकास कुमार राय (24 वर्ष) और विनोद साव (35 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने खुलासा किया कि आरा का मुख्य सरगना इस पूरे नेटवर्क को चलाता है, जो गांजा खरीदने के लिए ऑनलाइन फंड और गाड़ी का इंतजाम करता था। गांजा पहुंचाने के एवज में ड्राइवर राजकुमार को ₹30,000, विकास को ₹25,000 और विनोद को ₹15,000 मिलने तय हुए थे।इस सफल ऑपरेशन में रॉबर्ट्सगंज थाना प्रभारी रामस्वरूप वर्मा, एसओजी/सर्विलांस प्रभारी नागेश सिंह, लोढ़ी चौकी प्रभारी उमाशंकर यादव, चुर्क चौकी प्रभारी धर्मनारायण भार्गव शामिल रहे। उनके साथ मुख्य आरक्षी राम सिंह, दिनेश कुमार, अमरजीत यादव, मशी अहमद, मनीष सिंह और आरक्षी अजीत कुमार, सत्यम पाण्डेय, रितेश सिंह पटेल व अजीत यादव ने तस्करों को दबोचने में अहम भूमिका निभाई।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

mithilesh.sonbhadra@gmail.com
Next Story