Sonbhadra News: महाअभियान से पहले सोनभद्र में सत्ता का महामंथन, कल रणनीति बनाएंगे प्रभारी मंत्री

Sonbhadra News: प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा 4 जून को अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की रणनीति और विभागीय तैयारियों की समीक्षा करेंगे

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 3 Jun 2026 8:49 PM IST
Sonbhadra News: महाअभियान से पहले सोनभद्र में सत्ता का महामंथन, कल रणनीति बनाएंगे प्रभारी मंत्री
X

Sonbhadra News

Sonbhadra News: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से शुरू होने जा रहे जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान से पहले सोनभद्र में प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में जनपद के प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग हंसराज विश्वकर्मा गुरुवार, 4 जून को सोनभद्र के दौरे पर रहेंगे। अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान वह अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की रूपरेखा पर चर्चा करेंगे तथा तैयारियों की समीक्षा करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रभारी मंत्री प्रातः 9 बजे वाराणसी स्थित सर्किट हाउस से प्रस्थान कर सुबह 10:30 बजे रॉबर्ट्सगंज स्थित सर्किट हाउस पहुंचेंगे। यहां वह जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों से मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।इसके बाद सुबह 11 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रशासनिक समन्वय समिति एवं कोर कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 5 जून से 21 जून तक आयोजित होने वाले जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की जाएगी। अभियान के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों, जनसंपर्क गतिविधियों और विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों पर चर्चा करते हुए प्रभारी मंत्री आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।

तैयारियों का लेंगे रिपोर्ट कार्ड

बैठक के दौरान अभियान को प्रभावी बनाने, अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने की रणनीति पर विशेष मंथन होगा। साथ ही विभिन्न विभागों की तैयारियों का भी आकलन किया जाएगा।

विभागीय योजनाओं की भी होगी समीक्षा

कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक के बाद प्रभारी मंत्री अपराह्न 1:10 बजे सर्किट हाउस पहुंचेंगे, जहां विभागीय अधिकारियों के साथ अलग से समीक्षा बैठक करेंगे। इस दौरान विकास कार्यों, विभागीय योजनाओं और जनपद में चल रही परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी लेंगे तथा आवश्यक निर्देश जारी करेंगे।दोपहर 2 बजे भोजन के बाद प्रभारी मंत्री अपराह्न 2:45 बजे वाराणसी के लिए रवाना होंगे और शाम 4:30 बजे वहां स्थित सर्किट हाउस पहुंचेंगे। प्रभारी मंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

Next Story