Sonbhadra News : दुद्धी में किरण नंदगिरी बने महामंडलेश्वर, सनातनी किन्नर अखाड़े का भव्य आयोजन

Sonbhadra News : दुद्धी में वैदिक मंत्रों के बीच किरण नंदगिरी का महामंडलेश्वर पटाभिषेक, सनातनी किन्नर अखाड़े ने निकाली भव्य शोभायात्रा।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 13 May 2026 7:44 PM IST
Sonbhadra News : दुद्धी में किरण नंदगिरी बने महामंडलेश्वर, सनातनी किन्नर अखाड़े का भव्य आयोजन
X

Sonbhadra News

Sonbhadra News : जनपद के दुद्धी में बुधवार को सनातनी किन्नर अखाड़े के तत्वावधान में आयोजित धार्मिक समारोह आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक भव्यता का अद्भुत संगम बन गया। नगर के एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक अनुष्ठानों के बीच किरण नंदगिरी का महामंडलेश्वर पद पर विधिवत पटाभिषेक किया गया।

समारोह में प्रदेश अध्यक्ष कौशल्या नंद गिरी के सान्निध्य में हुए इस आयोजन ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर कर दिया। जैसे ही पटाभिषेक की प्रक्रिया पूर्ण हुई, उपस्थित किन्नर समाज के सदस्यों ने नृत्य और भक्ति गीतों के साथ अपनी खुशी व्यक्त की।

नगर में निकली आकर्षक शोभायात्रा

पटाभिषेक कार्यक्रम से पूर्व सनातनी किन्नर अखाड़े के संतों और सदस्यों द्वारा नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों, धार्मिक जयघोष और भक्ति संगीत के बीच निकली यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

शोभायात्रा के दौरान किन्नर समाज के सदस्य पारंपरिक परिधानों में नृत्य करते हुए आगे बढ़ते रहे, जबकि नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। पूरा नगर आध्यात्मिक उत्साह और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर दिखाई दिया।

सनातन संस्कृति के उत्थान का संदेश

आचार्य श्री श्री 1008 कौशल्या नंद गिरी उर्फ टीना मां ने कहा कि सनातन धर्म भारतीय संस्कृति की आत्मा है और समाज को एकता के सूत्र में बांधने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि सनातनी किन्नर अखाड़ा समाज में सनातन मूल्यों के पुनर्जागरण, गोसेवा, गंगा संरक्षण और सांस्कृतिक चेतना के विस्तार के लिए समर्पित भाव से कार्य करेगा।

उन्होंने संस्कृत शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में भी विशेष पहल करने की बात कही। उनके अनुसार किन्नर समाज अब केवल सामाजिक पहचान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि धार्मिक और सांस्कृतिक नेतृत्व में भी अपनी सक्रिय भूमिका निभाएगा।

नदी तट पर पूजन और पिंडदान से हुई शुरुआत

धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत नदी तट पर वैदिक स्नान, अभिषेक और पिंडदान के साथ हुई। इसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किरण नंदगिरी को महामंडलेश्वर पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।

इस अवसर पर किन्नर कल्याण बोर्ड अलीगढ़ से श्री श्री 1008 आरती नंद गिरी महामंडलेश्वर, संजनानंद गिरी प्रतापगढ़, नैना नंद गिरी संरक्षक, शोभा नंद गिरी एवं विशाखा आनंद गिरि प्रयागराज सहित कई संतों और पदाधिकारियों ने अनुष्ठान सम्पन्न कराया।

बड़ी संख्या में मौजूद रहे श्रद्धालु व गणमान्य

कार्यक्रम में राधा नंद गिरी, कजरी नंद गिरी, मंजू नेपाल, सरिता, रानी नंद गिरी जमालपुर और लाडो नंदगिरी सहित किन्नर समाज के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।इसके अलावा ग्राम प्रधान प्रतिनिधि निरंजन जायसवाल, संदीप तिवारी, ममता सोनी, विजेन्द्र गौ रक्षा प्रकोष्ठ, राजकुमार, नागेश्वर, भूमि शरण सिंह और रामसूरत बैगा समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और सामाजिक कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए।

Shalini Rai

Shalini Rai

Mail ID - raishalini910@gmail.com

Next Story