TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: नकली दवाओं के काले कारोबार का सरगना गिरफ्तार, सोनभद्र से जुड़ा अंतरराज्यीय नेटवर्क!
Sonbhadra News: उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने नकली दवाओं के अंतरराज्यीय कारोबार के मामले में सोनभद्र निवासी अभिषेक सिंह उर्फ रवि को वाराणसी से गिरफ्तार किया है।
Sonbhadra News
Sonbhadra News: नामी दवा कंपनियों के ब्रांड की आड़ में नकली दवाओं का कारोबार कर मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का बड़ा खुलासा हुआ है। प्रतिष्ठित कंपनियों के नाम से फर्जी स्ट्रिप तैयार कराकर उनमें नकली दवाएं भरवाने और फिर उन्हें अलग-अलग राज्यों के मेडिकल स्टोरों तक पहुंचाने वाले गिरोह के कथित सरगना अभिषेक सिंह उर्फ रवि को उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। एसटीएफ और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की संयुक्त कार्रवाई में पकड़ा गया अभिषेक मूल रूप से सोनभद्र के अनपरा क्षेत्र का निवासी है। जांच में सामने आया है कि नकली दवाओं का निर्माण हिमाचल प्रदेश में कराया जाता था और उनकी आपूर्ति वाराणसी से लेकर बिहार के कई शहरों तक की जाती थी। गिरफ्तारी के बाद अब इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और निर्माण स्थलों की तलाश तेज हो गई है।
अभिषेक की गिरफ्तारी 18 नवंबर की रात करीब 8:50 बजे वाराणसी के चितईपुर थाना क्षेत्र स्थित कर्दमेश्वरपुरम कॉलोनी में द लर्निंग पॉइंट कोचिंग के पास से की गई। वह रोहनिया थाने में दर्ज नकली दवाओं की आपूर्ति से संबंधित मुकदमे में वांछित था। गिरफ्तार अभियुक्त का पता पतारू न्यू बस्ती, परासी, अनपरा, तहसील दुद्धी, जनपद सोनभद्र है। उसका मूल पता ग्राम राधा खां, पोस्ट भगवानपुर, जिला कैमूर (बिहार) है। गिरफ्तारी के समय वह अम्बे लेन, कर्दमेश्वरपुरम, कंदवा, थाना चितईपुर, वाराणसी में रह रहा था।
दवाओं की स्ट्रिप पर गलतियों ने खोल दी पोल
नकली दवाओं के इस नेटवर्क का खुलासा वाराणसी में हुई छापेमारी के बाद हुआ। 30 अक्टूबर को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जंसा थाना क्षेत्र के कुरौना गांव में बिना लाइसेंस संचालित मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर नकली Nurokind-LC समेत बड़ी मात्रा में दवाएं बरामद की थीं। इसके बाद दो नवंबर को रोहनिया थाना क्षेत्र के परमानंदपुर स्थित एक आवास पर कार्रवाई की गई। यहां Shelcal-500, Rabesec, Clavam-625, Mclav-625, Zerodol-SP, Tauim-O, Pan-40, Pantop-40, Nurokind-LC, Gudcef-Plus और C-AZ जैसे चर्चित ब्रांडों की भारी मात्रा में संदिग्ध दवाएं मिलीं।
दवाओं की स्ट्रिप की जांच में वर्तनी और छपाई से संबंधित गंभीर त्रुटियां सामने आईं। संबंधित निर्माता कंपनियों ने भी अपने स्तर पर जांच के बाद बाजार से प्राप्त नमूनों को नकली घोषित कर दिया। इसके बाद रोहनिया थाने में मुकदमा अपराध संख्या 0374/2026 दर्ज कराया गया। इसमें बीएनएस की धारा 61(2), 111, 318(4), 336(3), 340(2), 276, 277 और 278 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया। विवेचना में पता चला कि इन दवाओं की आपूर्ति वाराणसी, आसपास के जिलों और बिहार में की जा रही थी। जांच की कड़ियां जुड़ने पर अभिषेक सिंह का नाम गिरोह के सरगना के रूप में सामने आया।
हिमाचल में फर्जी स्ट्रिप पर पैक होती थीं नकली दवाएं
एफएसडीए ने वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी और नकली दवाओं के निर्माण स्थलों का पता लगाने के लिए एसटीएफ से सहयोग मांगा था। अपर पुलिस अधीक्षक लाल प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में एसटीएफ ने गोपनीय सूचनाएं जुटानी शुरू कीं। निरीक्षक अंजनी कुमार पाण्डेय, निरीक्षक आदित्य कुमार सिंह, मुख्य आरक्षी प्रशान्त सिंह, सन्तोष यादव, शेर बहादुर, अखिलेश और आरक्षी चालक चन्द्रभान की टीम वाराणसी में सक्रिय थी। 18 नवंबर को सूचना मिली कि अभिषेक कर्दमेश्वरपुरम कॉलोनी में मौजूद है। इस पर टीम ने औषधि निरीक्षक जुनाब अली, चन्द्रेश द्विवेदी और स्थानीय पुलिस के साथ घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अभिषेक ने बताया कि वह सहारनपुर निवासी एक व्यक्ति से नकली दवाएं खरीदता था। यह व्यक्ति हिमाचल प्रदेश के सोलन और बद्दी में प्रतिष्ठित दवा कंपनियों के नाम से कूटरचित स्ट्रिप तैयार करवाता था। इन फर्जी स्ट्रिप में मशीनों के माध्यम से नकली दवाओं की पैकिंग कराई जाती थी। इसके बाद तैयार खेप को बद्दी से कोरियर के जरिए वाराणसी भेजा जाता था। इस तरह नामचीन कंपनियों के ब्रांड की आड़ में नकली दवाओं को बाजार तक पहुंचाया जाता था।
लहरतारा से बिहार तक फैला था आपूर्ति का जाल
वाराणसी पहुंचने के बाद लहरतारा स्थित कोरियर कार्यालयों से दवाओं की खेप प्राप्त की जाती थी। गिरोह के सदस्य इसे सुरेन्द्र नाथ मिश्रा के आवास और रोडवेज बस अड्डे के पास स्थित एक ट्रांसपोर्ट कार्यालय में रखते थे। यहां से नकली दवाओं को वाराणसी के मेडिकल स्टोरों तक पहुंचाया जाता था। इसके अलावा बसों के माध्यम से बिहार के मोहनिया, भभुआ और सासाराम समेत अन्य स्थानों के मेडिकल स्टोरों पर भी दवाएं भेजी जाती थीं।
गिरोह के सदस्य अपनी गतिविधियों को छिपाने के लिए Zangi App का इस्तेमाल करते थे। इस एप पर फर्जी नामों से खाते बनाकर आपस में बातचीत की जाती थी। कारोबार का भुगतान नकद और बैंक खातों के जरिए होता था। अभिषेक ने बताया कि उसके एक साथी के पकड़े जाने के बाद वह बिहार भाग गया था। कुछ समय तक फरार रहने के बाद वापस लौटा और फिर से इस अवैध कारोबार में शामिल हो गया।
तीन साल पहले भी दर्ज हो चुका है मुकदमा
एसटीएफ के मुताबिक, अभिषेक सिंह का नाम नकली दवाओं के कारोबार में पहले भी सामने आ चुका है। वर्ष 2023 में एसटीएफ ने उसके गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में नकली दवाएं बरामद की थीं। इस मामले में वाराणसी के सिगरा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 61/2023 दर्ज कराया गया था। इसमें भारतीय दंड संहिता की धारा 419, 420, 467, 468, 471 और 120-बी तथा औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम की धारा 18-बी और 27 के तहत कार्रवाई की गई थी। इस मुकदमे में भी अभिषेक सिंह के खिलाफ आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल किया जा चुका है।
गिरफ्तार अभियुक्त को रोहनिया थाने में दर्ज मुकदमे में दाखिल कर दिया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस कर रही है। वहीं, गिरोह के अन्य सदस्यों, नकली दवाओं के निर्माण स्थलों और अवैध कारोबार से जुड़े धन के लेनदेन की जांच जारी है। अभिषेक से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में संदिग्ध फैक्ट्रियों पर छापेमारी की कार्रवाई चल रही है। जांच एजेंसियों का प्रयास नकली दवाओं के निर्माण से लेकर उनकी आपूर्ति और बिक्री तक जुड़े पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर इस अवैध कारोबार में शामिल सभी लोगों तक पहुंचना है।


