Sonbhadra News: सोनभद्र के मेधावियों का सम्मान: सीएम बोले- चुनौतियों से लड़कर ही बनता है इतिहास

Sonbhadra News: सोनभद्र में यूपी बोर्ड हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान समारोह उत्साह के साथ आयोजित किया गया।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 1 Jun 2026 9:36 PM IST
Sonbhadra News: सोनभद्र के मेधावियों का सम्मान: सीएम बोले- चुनौतियों से लड़कर ही बनता है इतिहास
X

Sonbhadra News

Sonbhadra News: जिले के मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए सोमवार का दिन गर्व, सम्मान और प्रेरणा का संदेश लेकर आया। माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 के मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में उत्साहपूर्ण माहौल में देखा गया। प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और सफलता के मूल मंत्र साझा किए।

मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास सफलता की कुंजी

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच सफलता की सबसे बड़ी कुंजी हैं। उन्होंने कहा कि सम्मानित हो रहे विद्यार्थियों ने अपनी लगन और अथक परिश्रम से यह मुकाम हासिल किया है। उनकी उपलब्धियां लाखों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और राष्ट्र निर्माण का सबसे सशक्त आधार है।कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों और अभिभावकों के चेहरों पर खुशी और गर्व साफ दिखाई दिया। मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान कई बार तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा सभागार गूंज उठा। उपस्थित लोगों ने मेधावी विद्यार्थियों की सफलता को पूरे जनपद की उपलब्धि बताते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

संघर्ष से ही मिलती है सफलता

प्रभारी मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि सफलता का मार्ग चुनौतियों से भरा होता है, लेकिन जो विद्यार्थी कठिनाइयों से संघर्ष करते हुए आगे बढ़ते हैं, वही इतिहास रचते हैं। उन्होंने कहा कि सम्मानित विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत और समर्पण से यह सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ निश्चय और निरंतर प्रयास से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।राज्य मंत्री समाज कल्याण संजीव गौड़ ने कहा कि मेधावी छात्र-छात्राएं राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सुधार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी प्रतिभा और ज्ञान का उपयोग समाज और राष्ट्र के विकास में करने का आह्वान किया।

नई ऊंचाइयों को छूने का संदेश

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उनकी अथक मेहनत, दृढ़ संकल्प और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जिले के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा के बल पर पूरे सोनभद्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन के हर क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने और नए कीर्तिमान स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों ने सभी वक्ताओं के प्रेरणादायी विचारों को गंभीरता से सुना। पूरे आयोजन में शिक्षा, संस्कार, अनुशासन और उत्कृष्टता का संदेश प्रमुखता से उभरकर सामने आया। सम्मान समारोह ने मेधावियों के मनोबल को नई ऊर्जा प्रदान करते हुए उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर डॉ. अनिल कुमार मौर्य, अभिषेक वर्मा, जागृति अवस्थी, जीत सिंह खरवार, नंदलाल गुप्ता, विकास मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, मेधावी विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।

Shalini singh

Shalini singh

News Publisher Mail ID - Shalinisingh34678346@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story