TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: पत्नी से अवैध संबंध के शक में युवक की हत्या, 48 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा
Sonbhadra News: सोनभद्र के दुद्धी थाना क्षेत्र में अवैध संबंधों के शक में हुए सनसनीखेज हत्या कांड का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पत्नी से कथित संबंधों के चलते आरोपी ने युवक की हत्या कर दी थी, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
Sonbhadra News
Sonbhadra News: जनपद के दुद्धी थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्या कांड का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस जांच में जो कहानी सामने आई, उसने पूरे इलाके को चौंका दिया। अवैध संबंधों को लेकर लंबे समय से चल रही रंजिश आखिरकार खूनी अंजाम तक पहुंच गई। आरोपी ने पहले युवक को शराब पिलाई, फिर चाकू और पत्थर से हमला कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल व चाकू भी बरामद कर लिया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार तथा क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने इस जघन्य हत्याकांड का सफल अनावरण किया।बताया गया कि 9 जून को महुअरिया निवासी जय सिंह ने अपने भाई समासिंह गोड़ की हत्या किए जाने की सूचना देते हुए थाना दुद्धी में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। मामला गंभीर होने के कारण पुलिस अधीक्षक ने तत्काल विशेष टीम गठित कर आरोपित की गिरफ्तारी और घटना के खुलासे के निर्देश दिए थे।
तकनीकी साक्ष्यों ने खोला हत्या का राज
प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल, मोबाइल कॉल डिटेल, तकनीकी साक्ष्य तथा अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों को खंगालना शुरू किया। जांच के दौरान कई अहम सुराग मिले, जिनके आधार पर पुलिस की शंका राजेंद्र विश्वकर्मा पर गई।गुरुवार को पुलिस ने बघाड़ू-भीसूर मार्ग स्थित पहली पुलिया के पास से आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने हत्या की पूरी कहानी उगल दी।
अवैध संबंध से था नाराज, रची थी हत्या की साजिश
पुलिस पूछताछ में राजेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि उसकी पत्नी और मृतक समासिंह गोड़ के बीच लंबे समय से अवैध संबंध थे। वह कई बार मृतक को अपनी पत्नी से दूर रहने की चेतावनी दे चुका था, लेकिन कोई असर नहीं हुआ। इसी बात को लेकर वह लगातार मानसिक तनाव और आक्रोश में था।आरोपी ने बताया कि उसने 9 जून को योजनाबद्ध तरीके से समासिंह को फोन कर लीलासी बुलाया। वहां दोनों ने शराब खरीदी और ग्राम मुरता स्थित खेमा नदी पुलिया के नीचे बैठकर शराब पी। इसी दौरान उसने मौका देखकर अपने पास रखे चाकू और घटनास्थल पर पड़े पत्थर से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण समासिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद भागने की फिराक में था आरोपी
हत्या के बाद आरोपी खुद को बचाने की कोशिश में जुट गया था, लेकिन पुलिस की सक्रियता और तकनीकी जांच ने उसके सारे रास्ते बंद कर दिए। लगातार दबिश और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू तथा मोटरसाइकिल संख्या UP64 BB 9969 बरामद कर ली है। बरामदगी के बाद पुलिस ने घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच शुरू कर दी है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेंद्र विश्वकर्मा (22 वर्ष) पुत्र बब्बन विश्वकर्मा निवासी डुमरपान, थाना सोनावल, जिला बलरामपुर (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है।
इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका
हत्या कांड के खुलासे में प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल भागीचंद्र, हेड कांस्टेबल महताब अहमद तथा हेड कांस्टेबल खालिद खान की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों ने टीम की कार्यशैली की सराहना करते हुए इसे बड़ी सफलता बताया है।
सोनभद्र पुलिस का संदेश—अपराधी कहीं भी छिपे, गिरफ्तारी तय
दुद्धी पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि गंभीर अपराध करने वाले अपराधी कानून की पकड़ से अधिक दिनों तक बच नहीं सकते। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी तरह लगातार जारी रहेगा।


