Sonbhadra News: पत्नी से प्रेम-प्रसंग का शक बना मौत की वजह! जंगल ले जाकर युवक की चापड़ से हत्या

Sonbhadra News: सोनभद्र के विंढमगंज क्षेत्र में प्रेम-प्रसंग के शक में युवक की चापड़ से हत्या कर दी गई। पुलिस ने महज 8 घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या का खुलासा कर दिया।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 5 Jun 2026 7:37 PM IST
Sonbhadra News: पत्नी से प्रेम-प्रसंग का शक बना मौत की वजह! जंगल ले जाकर युवक की चापड़ से हत्या
X

Sonbhadra News

Sonbhadra News:जनपद के विंढमगंज थाना क्षेत्र में हुई युवक की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने महज आठ घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। हत्या के पीछे प्रेम-प्रसंग और अवैध संबंधों के शक की कहानी सामने आई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चापड़, मृतक का मोबाइल फोन और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद कर लिए हैं।पुलिस के अनुसार 4 जून को ग्राम जोरूखाड़ में 24 वर्षीय रजनीकांत गोंड पुत्र अश्वनी गोंड निवासी पतरिया का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ था। घटनास्थल के पास उसकी हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी खड़ी मिली थी। युवक की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई।

घटनास्थल से जुटाए गए अहम सुराग

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल तथा क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, तकनीकी जांच की और स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

जांच के दौरान मिले अहम सुरागों के आधार पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए घटना के महज आठ घंटे के भीतर आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल कर ली।

खाली मकान के पास दबोचा गया आरोपी

पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या में शामिल युवक टहानिया खोली स्थित एक खाली मकान के आसपास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी दिनेश पुत्र जीत सिंह निवासी केवाल, थाना विंढमगंज को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद हुई पूछताछ में आरोपी ने जो खुलासा किया, उसने हत्या की पूरी कहानी सामने ला दी।

पूछताछ में उगला राज, प्रेम-प्रसंग को लेकर था गहरा शक

पुलिस के अनुसार आरोपी दिनेश ने बताया कि उसे शक था कि मृतक रजनीकांत का उसकी पत्नी के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा है। इसी बात को लेकर वह लंबे समय से रंजिश रखता था और भीतर ही भीतर बदले की आग में जल रहा था।योजना के तहत उसने रजनीकांत को बहाने से जंगल की ओर बुलाया। वहां सुनसान स्थान पर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने चापड़ से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया और मृतक का मोबाइल फोन, हत्या में प्रयुक्त चापड़ तथा अपने कपड़े झाड़ियों में छिपा दिए।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चापड़, मृतक का वन प्लस मोबाइल फोन तथा घटना के समय पहने गए आरोपी के कपड़े बरामद कर लिए हैं। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

इन पुलिसकर्मियों ने किया खुलासा

हत्या के इस चर्चित मामले के सफल अनावरण में थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल सुरेंद्र प्रजापति, कांस्टेबल सुनील कुमार तथा कांस्टेबल आलोक कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।इस खुलासे के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हत्या की गुत्थी सुलझ गई, वहीं पुलिस की तेज कार्रवाई ने एक बार फिर अपराधियों को कड़ा संदेश दिया है कि कानून के शिकंजे से बच पाना आसान नहीं है।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

Next Story