TRENDING TAGS :
सोनभद्र में 1.63 करोड़ के एल्यूमिनियम चोरी का पर्दाफाश, महाराष्ट्र से दो आरोपी गिरफ्तार
Sonbhadra News: सोनभद्र के पिपरी में 1.63 करोड़ के एल्यूमिनियम चोरी का खुलासा, महाराष्ट्र के नासिक से दो आरोपी गिरफ्तार, 34.850 टन माल व ट्रक बरामद
Sonbhadra: जिले के पिपरी थाना क्षेत्र में करीब 1.63 करोड़ रुपये मूल्य के एल्यूमिनियम की चोरी के मामले का पुलिस ने महज 15 दिनों में पर्दाफाश कर दिया। करोड़ों रुपये के 34.850 टन एल्यूमिनियम की चोरी कर पुलिस को चुनौती देने वाले दो आरोपियों को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने चोरी किए गए एल्यूमिनियम की पूरी खेप बरामद करने के साथ ही उसके परिवहन में इस्तेमाल ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है। इतनी बड़ी कीमत के माल की शत-प्रतिशत बरामदगी को पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इस मामले के खुलासे के लिए पिपरी पुलिस की टीम लगातार जुटी हुई थी। अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल और क्षेत्राधिकारी पिपरी विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण में पुलिस ने मामले की गहन विवेचना करते हुए आरोपियों तक पहुंचने के लिए सुराग जुटाए। थाना पिपरी में मुकदमा अपराध संख्या 207/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच की जा रही थी।
महाराष्ट्र तक पहुंची पुलिस की जांच
चोरी की घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया। लगातार पड़ताल और साक्ष्यों के आधार पर मामले में महाराष्ट्र के दो आरोपियों की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पिपरी पुलिस की टीम ने महाराष्ट्र पहुंचकर 24 नवंबर 2026 को सचिन अशोक शेलके और नवनाथ अशोक शेलके को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी महाराष्ट्र के नासिक जनपद के मालेगांव क्षेत्र स्थित पर्सागांव के रहने वाले हैं। गिरफ्तारी के बाद दोनों को नियमानुसार संबंधित न्यायालय में पेश किया गया। वहां से 25 नवंबर को ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद पुलिस दोनों को सोनभद्र लेकर पहुंची।
1.63 करोड़ का पूरा माल बरामद
पुलिस की कार्रवाई में चोरी किए गए कुल 34.850 टन एल्यूमिनियम की पूरी खेप बरामद कर ली गई। इसकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ 63 लाख रुपये बताई गई है। इसके साथ ही चोरी के एल्यूमिनियम के परिवहन में इस्तेमाल किया गया ट्रक भी बरामद हुआ है। पुलिस ने मामले में चोरी गए माल की शत-प्रतिशत बरामदगी की है। महज 15 दिनों के भीतर महाराष्ट्र तक पहुंचकर आरोपियों को गिरफ्तार करने और करोड़ों रुपये का पूरा माल बरामद करने को पुलिस की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
नासिक के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में सचिन अशोक शेलके (26) पुत्र स्वर्गीय अशोक शेलके और नवनाथ अशोक शेलके (25) पुत्र स्वर्गीय अशोक शेलके शामिल हैं। दोनों महाराष्ट्र के नासिक जनपद की मालेगांव तहसील के ग्रामीण मालेगांव थाना क्षेत्र स्थित पर्सागांव के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार, मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई पूरी कर दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष पिपरी अजय कुमार श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक नवनीत कुमार चौरसिया, पुलिस चौकी रेनुकूट, उपनिरीक्षक अनिल तिवारी, मुख्य आरक्षी शेषनाथ पाण्डेय समेत थाना पिपरी के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।


