Sonbhadra News: दस दिन पहले घर में आई थी नई खुशियां, अब मासूम चांदनी की मौत से पसरा मातम

Sonbhadra News: सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज अंतर्गत ओरगाई गांव में तालाब में नहाने गई 11 वर्षीय मासूम चांदनी की डूबने से दर्दनाक मौत। 10 दिन पहले ही घर में आए नवजात की खुशियां मातम में बदलीं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 21 May 2026 8:04 PM IST
Sonbhadra News: दस दिन पहले घर में आई थी नई खुशियां, अब मासूम चांदनी की मौत से पसरा मातम
X

Sonbhadra News: जनपद के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र स्थित ओरगाई गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। गांव के तालाब में नहाने गई 11 वर्षीय बालिका की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।

बताया जा रहा है कि ओरगाई गांव निवासी महेंद्र की पुत्री चांदनी दोपहर में गांव के तालाब पर नहाने गई थी। भीषण गर्मी के बीच वह पानी में उतरी, लेकिन कुछ ही देर में गहरे हिस्से में पहुंच गई और डूब गई। आसपास मौजूद लोगों को इस घटना की जानकारी तक नहीं हो सकी।

काफी देर तक जब चांदनी घर नहीं लौटी तो परिवार के लोग परेशान हो उठे। उस समय उसके पिता मवेशी चराने गए थे, जबकि घर पर मौजूद दादी अमरावती ने उसकी तलाश शुरू की। धीरे-धीरे ग्रामीण भी खोजबीन में जुट गए। गांव और तालाब के आसपास काफी तलाश की गई, लेकिन बच्ची का कोई पता नहीं चला।

इसी दौरान तालाब में एक शव उतराता दिखाई दिया। दादी जब पास पहुंचीं तो वह चांदनी निकली। यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों की मदद से बच्ची को तालाब से बाहर निकाला गया और पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। ग्रामीणों के मुताबिक चांदनी छह बहनों और दो भाइयों में चौथे नंबर की थी।

सबसे दुखद बात यह रही कि करीब दस दिन पहले ही उसकी मां ने एक बेटे को जन्म दिया था। घर में नवजात के आने की खुशियां अभी खत्म भी नहीं हुई थीं कि इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Shivam

Shivam

Shivam is a multimedia journalist.

Next Story