TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: घोरावल गोवध मामले में फरार असलम पर 20 हजार का इनाम, बिहार में पुलिस की तलाश तेज
Sonbhadra News: सोनभद्र के घोरावल में गोवध निवारण अधिनियम के मामले में फरार वांछित अभियुक्त असलम उर्फ कौशर कुरैशी पर पुलिस अधीक्षक ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
Sonbhadra News
Sonbhadra News: अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोनभद्र पुलिस ने घोरावल थाने में दर्ज गोवध निवारण अधिनियम के मामले में फरार चल रहे वांछित अभियुक्त असलम उर्फ कौशर कुरैशी पर शिकंजा कस दिया है। लगातार प्रयास के बावजूद गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने उसकी गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया है। इसके बाद पुलिस टीमों ने उसकी तलाश और तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार असलम उर्फ कौशर कुरैशी थाना घोरावल में पंजीकृत अभियोग में वांछित चल रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए जनपद पुलिस की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। संभावित ठिकानों और संपर्कों की जानकारी जुटाने के साथ पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। लंबे प्रयास के बाद भी गिरफ्तारी न होने पर पुलिस अधीक्षक ने 20 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया है।
बिहार का रहने वाला है वांछित अभियुक्त
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक असलम उर्फ कौशर कुरैशी पुत्र अनवर कुरैशी ग्राम डुमरी, पोस्ट कविलाशपुर, थाना दुर्गावती, जनपद भभुआ कैमूर, बिहार का निवासी है। उसका हाल पता चैनपुर, कैमूर-भभुआ, बिहार बताया गया है। ऐसे में पुलिस की तलाश बिहार स्थित उसके संभावित ठिकानों तक भी पहुंच रही है।असलम के खिलाफ थाना घोरावल में मु0अ0सं0-10/2026 दर्ज है। मुकदमे में धारा 61(2) बीएनएस तथा 3/5ए/5बी/8 गोवध निवारण अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत है। मामले में वांछित होने के बाद से वह पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस का दावा है कि उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
सूचना देने वाले की पहचान रहेगी गोपनीय
पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पुलिस टीम को वांछित अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि असलम उर्फ कौशर कुरैशी के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। अभियुक्त की गिरफ्तारी पर घोषित 20 हजार रुपये की पुरस्कार राशि नियमानुसार प्रदान की जाएगी।पुलिस की कार्रवाई से साफ है कि वांछित अभियुक्तों को लेकर अब अभियान में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जा रही है। घोरावल के इस मामले में भी पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए अपना दबाव बढ़ा दिया है।


