TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: सोनभद्र में 205 महिलाओं को मिली नौकरी,आंगनबाड़ी कार्यकत्री और सहायिका पद पर नियुक्ति
Sonbhadra News: सोनभद्र के म्योरपुर और दुद्धी ब्लॉक में आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका पदों पर चयनित 205 महिलाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। म्योरपुर में 122 और दुद्धी में 83 महिलाओं को नियुक्ति मिली।
Sonbhadra News
Sonbhadra News: जिले में आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका के पदों पर चयनित 205 महिलाओं को नियुक्ति प्रमाण पत्र सौंपे गए। म्योरपुर और दुद्धी ब्लॉक सभागार में आयोजित कार्यक्रमों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित कर नई जिम्मेदारी सौंपी गई। नियुक्ति प्रमाण पत्र मिलने से महिलाओं में खुशी का माहौल रहा। रोजगार का अवसर मिलने से उनके आत्मनिर्भर बनने की राह भी मजबूत हुई है।
म्योरपुर ब्लॉक सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 122 महिलाओं को नियुक्ति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जबकि दुद्धी ब्लॉक सभागार में 83 चयनित महिलाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। दोनों विकासखंडों में कुल 205 महिलाओं को इस प्रक्रिया के तहत नियुक्ति मिली। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने चयनित महिलाओं को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगी।
रोजगार के अवसरों पर सरकार की नीतियों को सराहा
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार और म्योरपुर ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड मौजूद रहे। दोनों ने नियुक्ति पाने वाली महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग के लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। महिलाओं को नियुक्ति मिलने से उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनने का अवसर मिलेगा और परिवार की जिम्मेदारियों को निभाने में भी सहायता मिलेगी।उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले नौकरियों के नाम पर धन उगाही की जाती थी। मौजूदा सरकार में विभिन्न वर्गों के लोगों को रोजगार देने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी नवनियुक्त महिलाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बच्चों के पोषण और देखभाल में निभाएंगी अहम भूमिका
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं की जिम्मेदारी ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और शुरुआती देखभाल से जुड़ी सेवाओं को प्रभावी ढंग से संचालित करने की होती है। इसके साथ ही महिलाओं और बच्चों के लिए संचालित सरकारी योजनाओं को जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। ऐसे में नियुक्ति पाने वाली महिलाओं से अपेक्षा की गई कि वे अपने कार्यक्षेत्र में पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करेंगी और आंगनबाड़ी सेवाओं को मजबूत बनाने में योगदान देंगी।दुद्धी ब्लॉक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी डॉ. जितेंद्र दुबे, जिला कार्यक्रम अधिकारी सोनभद्र विनीत कुमार सिंह, दुद्धी के बाल विकास परियोजना अधिकारी मनोज सिंह और म्योरपुर के बाल विकास परियोजना अधिकारी नागेंद्र भारती सहित अन्य लोग मौजूद रहे। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने चयनित महिलाओं को नियुक्ति पत्र मिलने पर बधाई दी।


