TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: 80वें स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति के रंग में रंगेगा सोनभद्र, होंगे विविध कार्यक्रम
Sonbhadra News: सोनभद्र में 80वें स्वतंत्रता दिवस को भव्य और गरिमामय तरीके से मनाने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रभात फेरी, ध्वजारोहण, क्रॉस कंट्री रेस, पौधरोपण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वास्थ्य शिविर और कवि सम्मेलन समेत कई कार्यक्रम आयोजित होंगे।
Sonbhadra News
Sonbhadra News: स्वतंत्रता दिवस की पावन बेला पर समूचा सोनभद्र जिला राष्ट्रभक्ति के अनूठे रंग में सराबोर होने के लिए पूरी तरह तैयार है। शनिवार,15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता की 80वीं वर्षगांठ पूरे उल्लास, आन-बान-शान और गरिमामय वातावरण में मनाई जाएगी। जिला प्रशासन ने जनपद से लेकर तहसील स्तर तक कार्यक्रमों की एक वृहद श्रृंखला तैयार की है, जिससे पूरा क्षेत्र देशभक्ति के तरानों से गूंज उठेगा।इलाके के सभी प्रमुख चौराहों, ऐतिहासिक इमारतों और सरकारी दफ्तरों को नयनाभिराम तिरंगा रोशनी से सजाया गया है। साफ-सफाई के लिए विशेष अभियान चलाए गए हैं, ताकि राष्ट्रीय पर्व पर जिले की सुंदरता देखते ही बने। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के अनुसार, इस राष्ट्रीय उत्सव को जन-जन से जोड़ने के लिए भोर से लेकर देर रात तक विविध सांस्कृतिक व सामाजिक गतिविधियों का खाका खींचा गया है।
प्रभात फेरी से होगी भोर की शुरुआत
स्वाधीनता दिवस की पहली किरण के साथ ही सुबह सात बजे जनपद और तहसील मुख्यालयों पर प्रभात फेरियां निकाली जाएंगी। इसमें जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा अधिकारी की देखरेख में स्कूली बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाते हुए आगे बढ़ेंगे। इस दौरान यातायात व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहेगा।इसी समय तियरा स्टेडियम में जोश और उमंग से भरी क्रॉस कंट्री रेस का आगाज होगा। इस प्रतियोगिता का शुभारंभ उप जिलाधिकारी सदर करेंगे, जबकि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को जिलाधिकारी स्वयं सम्मानित कर पुरस्कार प्रदान करेंगे। इससे पहले युवक और महिला मंगल दलों की मिनी मैराथन का भी सफल आयोजन किया जा चुका है।
ध्वजारोहण, वृक्षारोपण और शहीदों का नमन
सुबह आठ बजे जिले की सभी सरकारी, गैर-सरकारी इमारतों और दफ्तरों पर आन-बान-शान से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा और राष्ट्रगान का गायन होगा। इसके पश्चात 10:15 बजे सभी शैक्षणिक संस्थानों में ध्वजारोहण के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण और देशभक्ति पर केंद्रित रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।देश की आजादी के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर सेनानियों को नमन करने की कड़ी में 10:35 बजे रॉबर्ट्सगंज और घोरावल तहसील में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों और वीरांगनाओं को प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा सम्मानित किया जाएगा।पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पूर्वाह्न 11:00 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी की मौजूदगी में पौधरोपण किया जाएगा। इसके साथ ही जिले के तमाम कार्यालयों व परिसरों में भी छायादार और फलदार पौधे लगाए जाएंगे। दोपहर तीन बजे परासी दुबे स्थित शहीद स्थल और शहीद उद्यान में माल्यार्पण कर देश के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, स्वास्थ्य शिविर और सामाजिक सरोकार
दोपहर 12:00 बजे राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रॉबर्ट्सगंज के प्रांगण में छात्राओं द्वारा देशभक्ति गीतों और मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। इसी समय कस्तूरबा गांधी और राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए एक विशेष भोज का आयोजन भी रखा गया है।सामाजिक सरोकारों को निभाते हुए दोपहर 1:30 बजे से नगरीय निकायों की मलिन बस्तियों में मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएंगे और मिठाइयां बांटी जाएंगी। अपराह्न दो बजे जिला अस्पताल सोनभद्र में भर्ती मरीजों का हाल-चाल जानते हुए उन्हें फल वितरित किए जाएंगे। साथ ही विभिन्न आवासीय विद्यालयों के बच्चों को भी फल व मिष्ठान का वितरण होगा।
काव्य रसधारा से सजेगी आजादी की शाम
स्वतंत्रता दिवस की यह पावन संध्या साहित्य और कविता के रंगों से गुलजार होगी। शाम 6:30 बजे रॉबर्ट्सगंज स्थित विवेकानंद प्रेक्षागृह में एक विशाल कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसमें देश के जाने-माने कवि अपनी रचनाओं के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों की गाथा, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और कौमी एकता का संदेश देंगे।


