Sonbhadra News: खेती में नवाचार से बढ़ेगी किसानों की आय, मेले में गूंजी विकास और आत्मनिर्भरता की बात

Sonbhadra News: सोनभद्र में आयोजित मेले में खेती में नवाचार और आधुनिक तकनीकों के जरिए किसानों की आय बढ़ाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में आत्मनिर्भरता और विकास की बात गूंजती रही, जिससे किसानों को नई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 19 Jun 2026 6:29 PM IST
Sonbhadra News
X

Sonbhadra News(Photo-Social Media)

Sonbhadra News: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जनपद में सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विकास खंड रॉबर्ट्सगंज के ग्राम मंहुराही में आयोजित दो दिवसीय कृषि मेला एवं प्रदर्शनी किसानों के लिए जानकारी, तकनीक और योजनाओं के संगम का केंद्र बना। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने शिरकत कर कृषि एवं ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।

प्रदर्शनी में दिखी आधुनिक कृषि की झलक

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान गणेश की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इससे पूर्व प्रभारी मंत्री ने कृषि विभाग समेत विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों और प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने आधुनिक खेती, उन्नत कृषि तकनीकों, जैविक खेती, सिंचाई सुविधाओं तथा सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की और किसानों को इनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

किसानों को बताया विकास का आधार

सभा को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश कृषि और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। अनुदान पर कृषि यंत्र, उन्नत बीज, सिंचाई सुविधाएं और विभिन्न योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों के लिए आर्थिक संबल का कार्य कर रही है और भारत तेजी से आत्मनिर्भर एवं विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

योजनाओं का लाभ लेने का किया आह्वान

घोरावल विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्य ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं सीधे किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। उन्होंने कृषकों से अपील की कि वे कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी लेकर उनका अधिकाधिक लाभ उठाएं और आधुनिक खेती को अपनाएं।

प्रगतिशील कृषकों का हुआ सम्मान

कार्यक्रम के दौरान कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को बीज किट वितरित किए गए। सम्मान पाकर किसानों ने सरकार की योजनाओं के प्रति आभार व्यक्त किया और खेती में नई तकनीकों को अपनाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, पूर्व सांसद नरेंद्र कुशवाहा, जिला प्रभारी अनिल सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश मिश्रा, जिला महामंत्री संतोष शुक्ला सहित कई जनप्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे। अंत में ब्लॉक प्रमुख अजीत रावत ने सभी अतिथियों, अधिकारियों एवं किसानों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उप निदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में किसान, अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

Next Story