Sonbhadra News: सोनभद्र में 22 नवंबर को होगी एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज

Sonbhadra News: सोनभद्र में 22 नवंबर 2026 को शाम 6 बजे पुलिस लाइन चुर्क में सिविल डिफेंस एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज आयोजित होगी।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 19 Nov 2026 9:10 PM IST (Updated on: 19 Nov 2026 9:31 PM IST)
Sonbhadra News: सोनभद्र में 22 नवंबर को होगी एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज
X

Sonbhadra News

Sonbhadra News: युद्ध जैसी आपात स्थिति में आम नागरिकों की सुरक्षा और बचाव की तैयारियों को परखने के लिए सोनभद्र में 22 नवंबर को सिविल डिफेंस एयर रेड एवं ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज-2026 आयोजित की जाएगी। पुलिस लाइन चुर्क में शाम छह बजे होने वाले इस विशेष अभ्यास में हवाई हमले की चेतावनी जारी होने से लेकर ब्लैकआउट, आग पर काबू पाने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने और उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने तक की पूरी प्रक्रिया का प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान ध्वस्त भवनों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का भी अभ्यास होगा।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि पुलिस महानिदेशक, नागरिक सुरक्षा उत्तर प्रदेश तथा केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में नागरिक सुरक्षा से जुड़ी तैयारियों को मजबूत करने के उद्देश्य से द्वितीय चरण की मॉक एक्सरसाइज कराई जा रही है। इसके लिए 23 से 27 नवंबर के बीच कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि सोनभद्र में उपलब्ध संसाधनों और प्रशिक्षित मानवबल के समन्वय से 22 नवंबर को ही इसका आयोजन निर्धारित किया गया है।

सायरन बजते ही होगा ब्लैकआउट

अभ्यास के दौरान सबसे पहले हवाई हमले की आशंका को लेकर दो मिनट तक ऊंची और नीची आवाज में सायरन बजाया जाएगा। चेतावनी मिलते ही संबंधित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर ब्लैकआउट की स्थिति बनाई जाएगी। इस दौरान लोगों को खुले स्थान से हटकर जमीन पर लेटने और सुरक्षित जगह पर शरण लेने का अभ्यास कराया जाएगा। इसका उद्देश्य आपात स्थिति में घबराहट से बचते हुए निर्धारित सुरक्षा उपायों का पालन करना सिखाना है।हमले का खतरा समाप्त होने के बाद दो मिनट तक ऊंची आवाज में ऑल क्लियर सायरन बजाया जाएगा। इसके बाद बचाव दल मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कार्रवाई शुरू करेंगे। छोटी आग पर नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवक अग्निशमन यंत्रों की मदद से काबू पाने का प्रदर्शन करेंगे, जबकि बड़े स्तर पर लगी आग को बुझाने के लिए फायर सर्विस की टीम फायर टेंडर का इस्तेमाल करेगी।

मलबे में दबे लोगों को निकालने से लेकर अस्पताल पहुंचाने तक का प्रदर्शन

मॉक एक्सरसाइज में केवल हवाई हमले की चेतावनी और आग बुझाने तक ही अभ्यास सीमित नहीं रहेगा। हमले में घायल होने वाले लोगों को स्वयंसेवकों की ओर से प्राथमिक उपचार दिया जाएगा। गंभीर रूप से जख्मी व्यक्तियों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया भी प्रदर्शित की जाएगी। इसके साथ ही किसी भवन के ध्वस्त होने पर मलबे में फंसे लोगों की तलाश, उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने और राहत पहुंचाने की कार्रवाई का भी अभ्यास कराया जाएगा। सभी निर्धारित गतिविधियां पूरी होने के बाद मॉक ड्रिल समाप्त होने की घोषणा की जाएगी।

अग्निशमन और चिकित्सा उपकरणों से लैस रहेंगी टीमें

अभ्यास को वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप संचालित करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। आग बुझाने के लिए वाटर टाइप, फोम टाइप, कार्बन डाईऑक्साइड और ड्राई केमिकल पाउडर वाले अग्निशमन यंत्र उपलब्ध रहेंगे। वहीं, घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता देने के लिए फर्स्ट एड किट, स्ट्रेचर, तिकोनी पट्टी और रोलर बैंडेज की व्यवस्था की जाएगी।हवाई हमले की चेतावनी के लिए सायरन लगाया जाएगा। छोटी आग का प्रदर्शन करने के लिए सूखी लकड़ियों के साथ डीजल और पेट्रोल की व्यवस्था होगी, जबकि बड़ी आग की स्थिति दर्शाने के लिए आवश्यक स्ट्रक्चर तैयार कराया जाएगा। इन संसाधनों के जरिए विभिन्न विभागों की तैयारियों और आपसी तालमेल की भी परीक्षा होगी।

अधिकारियों को टीम और उपकरणों के साथ पहुंचने के निर्देश

जिलाधिकारी ने बताया कि शासन और उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशों के अनुपालन में पुलिस लाइन चुर्क को मॉक एक्सरसाइज का केंद्र बनाया गया है। 22 नवंबर को शाम छह बजे शुरू होने वाले इस आयोजन के लिए सभी संबंधित विभागों के नामित अधिकारियों को अपनी टीम और निर्धारित उपकरणों के साथ एक घंटा पहले पहुंचना होगा। इसका उद्देश्य सभी व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त कराना और अभ्यास को बिना किसी बाधा के संपन्न कराना है।

इससे पहले तैयारियों की समीक्षा और विभागवार जिम्मेदारियां तय करने के लिए 19 नवंबर को अपराह्न 4:30 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में बैठक बुलाई गई है। इसमें सभी नामित अधिकारियों को अपनी विभागीय कार्ययोजना के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। नागरिक सुरक्षा के लिए प्रशिक्षित आपदा मित्र होमगार्ड्स और उपलब्ध इच्छुक स्वयंसेवकों के साथ एनसीसी कैडेट्स की भागीदारी भी सुनिश्चित करने की तैयारी है। मॉक एक्सरसाइज के माध्यम से आपदा के समय विभिन्न विभागों की तत्परता, संसाधनों की उपलब्धता और राहत-बचाव कार्यों में समन्वय की वास्तविक स्थिति को परखा जाएगा।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

mithilesh.sonbhadra@gmail.com
Next Story