Sonbhadra News: सोनभद्र में डीएम का बड़ा एक्शन: रिश्वत के आरोप में चकबंदी लेखपाल हटे, मिशन प्रबंधक भी अटैच

Sonbhadra News: सोनभद्र जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनसुनवाई में मिली भ्रष्टाचार की शिकायतों पर बड़ी कार्रवाई की है। चकबंदी लेखपाल रोहित तिवारी और ब्लॉक मिशन प्रबंधक प्रदीप कुमार जायसवाल को रिश्वतखोरी और अनियमितता के आरोपों में तत्काल प्रभाव से हटाकर संबद्ध कर दिया गया है।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 12 May 2026 7:31 PM IST (Updated on: 12 May 2026 7:32 PM IST)
Sonbhadra News: सोनभद्र में डीएम का बड़ा एक्शन: रिश्वत के आरोप में चकबंदी लेखपाल हटे, मिशन प्रबंधक भी अटैच
X

Sonbhadra News: जनशिकायतों को लेकर जिला प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। जनसुनवाई में सामने आई शिकायतों पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने सख्त रुख अपनाते हुए दो अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम ने साफ कहा कि जनता की समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही, अनियमितता और भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

चक सही कराने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप

जनसुनवाई के दौरान ग्राम कुसाही, केकराही निवासी शिव कुमार पुत्र बन्धु ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि गांव में चल रही चकबंदी प्रक्रिया के दौरान चक को सही स्थान पर बैठाने के नाम पर प्रधान और चकबंदी लेखपाल द्वारा पैसे की मांग की जा रही है।

शिकायत को गंभीर मानते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल बन्दोबस्त अधिकारी चकबंदी को जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम के आदेश के बाद चकबंदी लेखपाल रोहित तिवारी को तत्काल प्रभाव से सहायक चकबंदी अधिकारी, रॉबर्ट्सगंज द्वितीय कार्यालय से सम्बद्ध कर दिया गया।

स्वयं सहायता समूह की शिकायत पर भी गिरी गाज

इसी क्रम में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा की गई शिकायत पर भी प्रशासन ने तेजी दिखाई। महिलाओं ने आरोप लगाया था कि सीएलएफ बुक कीपर पूजा के साथ मिलकर ब्लॉक मिशन प्रबंधक प्रदीप कुमार जायसवाल द्वारा वित्तीय अनियमितताएं और गड़बड़ियां की जा रही हैं।

यह शिकायत आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से प्राप्त हुई थी, जिस पर जिलाधिकारी ने तत्काल जांच के आदेश दिए। जिला विकास अधिकारी और खंड विकास अधिकारी की संयुक्त जांच में ब्लॉक मिशन प्रबंधक की कार्यप्रणाली संदिग्ध पाई गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर उपायुक्त स्वतः रोजगार ने प्रदीप कुमार जायसवाल को तत्काल प्रभाव से जिला मिशन प्रबंधन इकाई से सम्बद्ध कर दिया।

डीएम की दो टूक— हर शिकायत का होगा समयबद्ध निस्तारण

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त हर शिकायत का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मामलों में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Shivam

Shivam

Shivam is a multimedia journalist.

Next Story