TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: कनहर परियोजना की सुस्ती पर डीएम का सख्त एक्शन,अफसरों को लगाई फटकार, ठेकेदारों को चेत
Sonbhadra News: सोनभद्र के जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कनहर सिंचाई परियोजना के कार्यों में देरी पर सख्त रुख अपनाया है। डीएम ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए मुआवजा वितरण, पेड़ कटान और खुदाई कार्यों में तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए हैं।
Sonbhadra News: जिले की महत्वाकांक्षी कनहर सिंचाई परियोजना के लंबित कार्यों और धीमी प्रगति को लेकर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने शुक्रवार को परियोजना क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद परियोजना से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर उन्होंने कार्यों की स्थिति जानी और कई मामलों में नाराजगी जाहिर की। जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि परियोजना कार्यों में अब किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरे कराए जाएं।
मुआवजा और दाखिल-खारिज में तेजी लाने के निर्देश
समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने डूब क्षेत्र की जमीनों से जुड़े मामलों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने उपजिलाधिकारी दुद्धी निखिल यादव और उपजिलाधिकारी ओबरा विवेक कुमार सिंह को निर्देश देते हुए कहा कि जिन जमीनों का दाखिल-खारिज अब तक नहीं हो पाया है, उनकी कार्रवाई प्रतिदिन कराई जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन प्रभावित परिवारों को अभी तक मुआवजा नहीं मिला है, उनके मामलों में वरासत और राजस्व संबंधी प्रक्रियाएं तेजी से पूरी कर भुगतान सुनिश्चित कराया जाए। तहसीलवार लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए डीएम ने स्पष्ट किया कि किसी भी पात्र व्यक्ति का मामला लंबित नहीं रहना चाहिए।
जून तक पूरा होगा पेड़ कटान का कार्य
बैठक में वन विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि मुख्य नहर क्षेत्र में आने वाले पेड़ों की कटान का कार्य तेजी से चल रहा है। विभाग ने इसके लिए छह डिवीजन स्तरीय टीमें गठित की हैं, जो गांववार कार्ययोजना के तहत काम कर रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि जून माह तक पेड़ कटान का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
बिजली समस्याओं के समाधान पर भी जोर
विद्युत विभाग के अधिकारियों ने जिलाधिकारी को बताया कि परियोजना क्षेत्र में बिजली लाइनों के शिफ्टिंग और अन्य तकनीकी बाधाओं को दूर करने का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। जहां समस्याएं लंबित हैं, वहां भी शीघ्र समाधान कराने की कार्रवाई जारी है।
इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि परियोजना कार्यों में बिजली संबंधी कोई बाधा नहीं आनी चाहिए और सभी तकनीकी समस्याओं का समय से समाधान सुनिश्चित किया जाए।
अधिशासी अभियंता को लगाई फटकार
बैठक के दौरान केसीडी प्रथम के अधिशासी अभियंता वीर बहादुर सिंह कार्यों की प्रगति से संबंधित स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए उन्हें फटकार लगाई।
उन्होंने कहा कि अधिकारी पूरी तैयारी और तथ्यात्मक जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित हों। परियोजना जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में अधूरी जानकारी और लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
ठेकेदार को पेनाल्टी लगाने की चेतावनी
माइनर नहरों की खुदाई करा रहे ठेकेदार को भी जिलाधिकारी ने सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि निरीक्षण के दौरान कार्य की गुणवत्ता और प्रगति संतोषजनक नहीं मिली तो संबंधित ठेकेदार पर कड़ी पेनाल्टी लगाई जाएगी।
डीएम ने कहा कि परियोजना कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा और सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं।
विस्थापित परिवारों को आवास दिलाने पर जोर
जिलाधिकारी ने कनहर परियोजना अधिकारी को निर्देशित किया कि भूमि संबंधी विवादों का शीघ्र समाधान कराया जाए। साथ ही विस्थापित परिवारों का सर्वे कराकर उन्हें आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को राहत मिल सके।
बैठक में अर्थ एवं संख्या अधिकारी सतपाल वर्मा समेत सिंचाई विभाग, वन विभाग, राजस्व विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


