Sonbhadra: चोरी और नशे के कारोबार से जुड़े गिरोह पर कानून का शिकंजा, गैंगस्टर लालू पटेल को दो साल की

Sonbhadra News: सोनभद्र की गैंगस्टर कोर्ट ने संगठित अपराध और कोडीन युक्त नशीले पदार्थों की तस्करी के दोषी लालू पटेल को दो वर्ष के कारावास की सजा सुनाई।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 21 Nov 2026 7:52 PM IST
Sonbhadra: चोरी और नशे के कारोबार से जुड़े गिरोह पर कानून का शिकंजा, गैंगस्टर लालू पटेल को दो साल की
X

Sonbhadra: संगठित अपराध के जरिए चोरी और नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह के सदस्य लालू पटेल को गैंगस्टर एक्ट के मामले में अदालत ने दो साल के कारावास की सजा सुनाई है। विशेष न्यायाधीश गैंगस्टर एक्ट हरिकेश कुमार की अदालत ने दोषसिद्धि के बाद उस पर पांच हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। जुर्माने की रकम जमा नहीं करने पर उसे एक माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। अदालत ने जेल में पहले से बिताई गई अवधि को भी सजा में समायोजित करने का आदेश दिया है।

शासकीय अधिवक्ता धनंजय शुक्ला ने बताया कि यह मामला संगठित आपराधिक गतिविधियों में शामिल एक गिरोह से जुड़ा है। गिरोह का संचालन चंदौली जिले के बबुरी थाना क्षेत्र के बुधवार गांव निवासी रामबाबू उर्फ बाबूराम बियार करता था। उसके साथ वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र के हुकुलगंज निवासी दिलशाद, रोहनिया थाना क्षेत्र के कचनार निवासी लालू पटेल और हुकुलगंज निवासी आसिफ उर्फ आशिक भी गिरोह में सक्रिय थे।

कई जिलों तक फैला था आपराधिक नेटवर्क

पुलिस की जांच में सामने आया था कि गिरोह के सदस्य चोरी और कोडीन मिश्रित नशीले पदार्थों की तस्करी जैसी गतिविधियों में लिप्त थे। गिरोह का आपराधिक नेटवर्क केवल सोनभद्र तक सीमित नहीं था। इसके सदस्यों के खिलाफ चंदौली, मीरजापुर, बलिया और मध्यप्रदेश के सिंगरौली में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई थी। अलग-अलग स्थानों पर आपराधिक गतिविधियों के चलते पुलिस की निगरानी में यह गिरोह आया था।

टाटा सफारी से मिली थीं नशीले पदार्थों की 250 शीशियां

अभियोजन के मुताबिक, वर्ष 2022 में जुगैल थाना क्षेत्र के भीतरी गांव के पास पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक टाटा सफारी वाहन का पीछा किया था। तलाशी के दौरान वाहन से कोडीन मिश्रित नशीले पदार्थ की 250 शीशियां, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए गए थे। इस बरामदगी के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर विवेचना पूरी की और आरोपपत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया।

गैंगचार्ट के आधार पर हुई थी कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गिरोह के सदस्यों की आपराधिक गतिविधियों और उनके खिलाफ दर्ज मुकदमों को आधार बनाकर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की। इसके लिए बाकायदा गैंगचार्ट तैयार किया गया, जिसे जिला मजिस्ट्रेट से अनुमोदित कराने के बाद न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया गया। इसी मामले में सुनवाई पूरी होने के बाद अदालत ने लालू पटेल को दो साल की कैद और पांच हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

mithilesh.sonbhadra@gmail.com
Next Story