TRENDING TAGS :
Sonbhadra: पिकअप में भरकर बिहार पहुंचाई जा रही थी शराब, 369 लीटर अवैध शराब के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
Sonbhadra News: सोनभद्र के मांची थाना क्षेत्र में पुलिस ने पिकअप से बिहार ले जाई जा रही 369 लीटर अवैध शराब बरामद की, तीन तस्कर गिरफ्तार।
Sonbhadra News: जनपद में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मांची पुलिस ने तस्करी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान पिकअप वाहन में लादकर ले जाई जा रही 369 लीटर अवैध देशी शराब के साथ तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 1 लाख 47 हजार 600 रुपये बताई गई है। वहीं, तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे पिकअप वाहन की कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने शराब और वाहन समेत कुल 3 लाख 97 हजार 600 रुपये की बरामदगी की है।
फुटकर में खरीद, बिहार में दोगुने दाम पर बिक्री
पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ ऑपरेशन शुद्धी चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल और क्षेत्राधिकारी सदर सुधीर कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में मांची पुलिस को यह सफलता मिली।
शनिवार, 7 नवंबर को करीब 11:30 बजे थाना मांची पुलिस ग्राम चिचलिक के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पिकअप वाहन में शराब लेकर जा रहे तीन लोगों को रोककर तलाशी ली गई। वाहन की तलाशी में ब्लू लाइन ब्रांड की देशी शराब के 1845 फ्रूटी पाउच बरामद हुए। प्रत्येक पाउच 200 एमएल का था। इस तरह कुल 369 लीटर शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
तस्करी के लिए पिकअप वाहन का करते थे इस्तेमाल
पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वे आसपास के क्षेत्रों से फुटकर में देशी शराब खरीदकर एकत्र करते थे। इसके बाद पिकअप वाहन से शराब बिहार ले जाकर दोगुने दाम पर बेचते थे। इस अवैध कारोबार के जरिए वे मोटा मुनाफा कमाने की फिराक में रहते थे। पुलिस अब इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और शराब की आपूर्ति के स्रोतों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
गिरफ्तार आरोपितों में रवि रंजन मेहता पुत्र नवल किशोर मेहता निवासी ग्राम डूमर सोता, थाना कांडी, जिला गढ़वा (झारखंड), वर्तमान पता ग्राम तिलोखर, थाना चूटिया, जिला रोहतास (बिहार), सौरभ कुमार पुत्र महेन्द्र प्रसाद निवासी ग्राम तिलोखर, थाना चूटिया, जिला रोहतास (बिहार) तथा विष्णु कुशवाहा पुत्र अशोक मेहता निवासी ग्राम चरकोनवा, थाना पन्नूगंज, जनपद सोनभद्र शामिल हैं।
पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना मांची में मुकदमा अपराध संख्या 61/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 में मामला दर्ज किया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों आरोपितों को न्यायालय भेज दिया गया।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक चंद्रशेखर सिंह, उपनिरीक्षक राजनाथ सिंह यादव, मुख्य आरक्षी राधेश्याम सिंह यादव और मुख्य आरक्षी श्यामलाल शामिल रहे।


