Sonbhadra News: शादी के 14 दिन बाद उजड़ा घर, बिजली के पोल से टकराई बाइक, नवविवाहित युवक की मौत

Sonbhadra News: सोनभद्र के दुद्धी में दर्दनाक हादसा: शादी के महज 14 दिन बाद एक नवविवाहित युवक की सड़क हादसे में मौत। बिजली के खंभे से टकराई बाइक, परिवार में छाया मातम।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 12 May 2026 8:13 PM IST
Sonbhadra News: शादी के 14 दिन बाद उजड़ा घर, बिजली के पोल से टकराई बाइक, नवविवाहित युवक की मौत
X

Sonbhadra News: जनपद के दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के झारोखुर्द गांव में मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसे में एक नवविवाहित युवक की जान चली गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद गांव में मातम पसर गया और परिवार में चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार झारोखुर्द निवासी 22 वर्षीय गुड्डू बचन पुत्र बुद्धिनारायण की शादी बीते 28 अप्रैल को दिघुल गांव की रीना के साथ हुई थी। शादी समारोह में डीजे और रथ की व्यवस्था कराई गई थी। कार्यक्रम के भुगतान को लेकर डीजे संचालक लगातार रकम की मांग कर रहा था। इसी सिलसिले में गुड्डू अपने साथी कृष्णा के साथ मंगलवार को बाइक से दुद्धी बैंक गया था।

बताया जा रहा है कि बैंक से लौटते समय जैसे ही दोनों युवक अपने गांव के पास पहुंचे, घर से करीब एक किलोमीटर पहले बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की सूचना पर एम्बुलेंस की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने गुड्डू को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल कृष्णा (28) पुत्र मिथिलेश की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। शादी के महज दो सप्ताह बाद युवक की मौत से परिजन बदहवास हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

दुद्धी कोतवाल धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घायलों और परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई गई। तहरीर मिलने के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Shivam

Shivam

Shivam is a multimedia journalist.

Next Story