सोनभद्र में नशे के कारोबार पर प्रहार, 25 किलो गांजा-हेरोइन के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

Sonbhadra News: सोनभद्र में ऑपरेशन शुद्धि के तहत पुलिस व एसओजी की बड़ी कार्रवाई, 25 किलो गांजा व हेरोइन के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, दो कारें व नकदी बरामद

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 27 Nov 2026 8:42 PM IST
सोनभद्र में नशे के कारोबार पर प्रहार, 25 किलो गांजा-हेरोइन के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
X

Sonbhadra: जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करी के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। ऑपरेशन शुद्धि के तहत रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने गांजा और हेरोइन की तस्करी में कथित रूप से संलिप्त तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 25 किलोग्राम गांजा, छह ग्राम हेरोइन, 24,200 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो कारें बरामद हुई हैं। पुलिस ने पूरी बरामदगी का अनुमानित मूल्य करीब 32 लाख रुपये बताया है। गिरफ्तार आरोपितों में शामिल एक व्यक्ति के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

सहिजन में बिछाया जाल, तीनों तस्कर गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए ऑपरेशन शुद्धि चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्र के पर्यवेक्षण और रॉबर्ट्सगंज प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम सक्रिय थी।

27 नवंबर को पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान चुर्क जाने वाली सड़क पर ग्राम सहिजन स्थित शराब भट्ठी के सामने घेराबंदी कर तीन आरोपितों को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान 25 बंडलों में रखा 25 किलोग्राम गांजा और छह ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके साथ ही हेरोइन की खरीद-बिक्री से बची 24,200 रुपये की नकदी और तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी मिले।

दो कारों में चल रहा था नशे की खेप का कारोबार

पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही सिल्वर रंग की बिना नंबर प्लेट वाली होंडा सिटी और टाटा पंच कार भी बरामद की हैं। दोनों वाहनों को सीज कर दिया गया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 12.50 लाख रुपये और हेरोइन की कीमत 1.20 लाख रुपये बताई गई है। नकदी और दोनों वाहनों समेत बरामदगी का कुल अनुमानित मूल्य करीब 32 लाख रुपये आंका गया है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मो0 उमर उर्फ बब्लु खान पुत्र नूर मोहम्मद निवासी बहुअरा (हिन्दुआरी), थाना रॉबर्ट्सगंज, अंशू गिरी उर्फ गोलू पुत्र सुमन्त गिरी निवासी परसिया (रामगढ़), थाना पन्नूगंज और पुष्पराज यादव उर्फ श्याम पुत्र बाबूलाल निवासी जैत, थाना रॉबर्ट्सगंज के रूप में हुई है। तीनों की उम्र क्रमश: करीब 39, 24 और 24 वर्ष है।

---

--- आपराधिक इतिहास भी लंबा, कई मुकदमों में नाम

पुलिस द्वारा उपलब्ध कराए गए विवरण के मुताबिक मो0 उमर उर्फ बब्लु खान के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत ओबरा, रॉबर्ट्सगंज और चोपन थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। अंशू गिरी उर्फ गोलू के खिलाफ रॉबर्ट्सगंज थाने में एनडीपीएस एक्ट के पांच मुकदमों का उल्लेख किया गया है। वहीं पुष्पराज यादव उर्फ श्याम के खिलाफ चोपन, घोरावल और रॉबर्ट्सगंज थानों में एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट तथा अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

तस्करी के बड़े नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि पूछताछ और प्रारंभिक विवेचना में मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। अब तस्करी के स्रोत, आपूर्ति के रास्तों और इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। पुलिस के मुताबिक जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस मामले में थाना रॉबर्ट्सगंज में मुकदमा अपराध संख्या 952/2026 के तहत धारा 8/20/21/27ए/29/60 एनडीपीएस एक्ट और धारा 61(2)(ए) बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया गया है।

कार्रवाई करने वाली टीम में एसओजी प्रभारी निरीक्षक रामस्वरुप वर्मा मय टीम, रॉबर्ट्सगंज प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह, चुर्क चौकी प्रभारी धर्मनारायण भार्गव, लोढ़ी चौकी प्रभारी उमाशंकर यादव, मुख्य आरक्षी अमरजीत यादव, दिनेश पासवान तथा आरक्षी रामसिंह और अमित शुक्ला शामिल रहे।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

mithilesh.sonbhadra@gmail.com
Next Story