Sonbhadra News: काव्य संध्या के दौरान गूंजी झांसी की रानी के शौर्य की गाथा, कवियों ने बांधा समां

Sonbhadra News: सोनभद्र बार एसोसिएशन सभागार में महारानी लक्ष्मीबाई की जयंती की संध्या पर भव्य काव्य संध्या आयोजित हुई। कवियों और कवयित्रियों ने वीर रस, देशभक्ति, नारी शक्ति और शहीदों के बलिदान पर आधारित रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 19 Nov 2026 8:04 PM IST
Sonbhadra News: काव्य संध्या के दौरान गूंजी झांसी की रानी के शौर्य की गाथा, कवियों ने बांधा समां
X

Sonbhadra News

Sonbhadra News: तलवार की धार, रणभूमि का साहस और मातृभूमि के लिए सर्वस्व न्योछावर करने का संकल्प जब कविता के शब्दों में ढला तो पूरा सभागार राष्ट्रप्रेम की भावनाओं से सराबोर हो उठा। कहीं झांसी की रानी के अदम्य शौर्य की गूंज सुनाई दी तो कहीं सैनिकों के त्याग और देश की अस्मिता की रक्षा का संदेश कविताओं के जरिए सामने आया। मौका था महारानी लक्ष्मीबाई की जयंती की संध्या पर सोनभद्र बार एसोसिएशन सभागार में आयोजित काव्य संध्या का। यहां कवियों और कवयित्रियों ने अपनी ओजपूर्ण प्रस्तुतियों से ऐसी समां बांधी कि देर शाम तक श्रोता सभागार में जमे रहे।

सोनभद्र बार एसोसिएशन के सांस्कृतिक एवं साहित्यिक प्रकोष्ठ तथा शहीद स्थल करारी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता बार एसोसिएशन अध्यक्ष अशोक प्रसाद श्रीवास्तव ने की। महामंत्री योगेश द्विवेदी मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ महारानी लक्ष्मीबाई और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद दिवाकर द्विवेदी मेघ ने वाणी वंदना प्रस्तुत कर काव्य संध्या का विधिवत आगाज किया।

कविता में गूंजी नारी शक्ति की ललकार

काव्य संध्या का सबसे प्रभावशाली क्षण तब आया जब कवयित्री कौशल्या कुमारी चौहान ने नारी सामर्थ्य और आत्मसम्मान को स्वर देते हुए अपनी रचना सुनाई। उन्होंने कहा, 'देश ही मेरा सबकुछ है, मैं देश की दीवानी हूं, मुझको अबला मत समझो, मैं झांसी वाली रानी हूं।' उनकी इन पंक्तियों ने श्रोताओं में जोश भर दिया। नारी को कमजोर समझने वाली सोच पर प्रहार करती इस रचना को खूब सराहना मिली और सभागार तालियों से गूंज उठा।आयोजन के संयोजक एवं शहीद स्थल करारी के निदेशक प्रद्युम्न त्रिपाठी एडवोकेट ने महारानी लक्ष्मीबाई के रणकौशल और अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध उनके संघर्ष को अपनी कविता में पिरोया। 'झांसी की रानी का पानी, हिंदुस्तानी बोला, भागो फिरंगी, हिंदुस्तान ये हमारा है' जैसी ओजपूर्ण पंक्तियों के साथ उन्होंने दत्तक पुत्र दामोदर को पीठ पर बांधकर रणभूमि में उतरने वाली वीरांगना के साहस का चित्र खींचा। उनकी प्रस्तुति ने श्रोताओं को इतिहास के उस गौरवशाली दौर की याद दिला दी।

देशभक्ति और शहीदों के बलिदान को मिला काव्य स्वर

धर्मेश चौहान ने देशगीत के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना जगाई, जबकि दयानंद दयालू ने लोकभाषा की मिठास से अपनी प्रस्तुति को प्रभावशाली बनाया। मदन चौबे ने समसामयिक विषयों पर रचना सुनाकर वर्तमान परिस्थितियों की ओर ध्यान आकर्षित किया। सोन साहित्य संगम के प्रमुख राकेश शरण मिश्र ने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की वीरांगना को याद करते हुए भावपूर्ण काव्य पाठ किया। उनकी रचना में महारानी लक्ष्मीबाई के संघर्ष, अदम्य साहस और देश के प्रति समर्पण की झलक दिखाई दी।शहीद स्थल उपधी से जुड़े सुधाकर पांडेय स्वदेश प्रेम ने 'वंदेमातरम, जय हिंद' शीर्षक से अपनी ओजस्वी रचना प्रस्तुत की। उन्होंने कविता के माध्यम से देश की वर्तमान दशा और दिशा पर विचार करने का संदेश दिया। अजय चतुर्वेदी कक्का ने हास्य-व्यंग्य के साथ सामाजिक और राष्ट्रीय विसंगतियों को अपनी रचनाओं का विषय बनाया। उनकी प्रस्तुति में मनोरंजन के साथ व्यवस्था और समाज पर तीखी टिप्पणी भी देखने को मिली।

विवेक चतुर्वेदी ने शायरी के अंदाज में अपनी बात रखते हुए कहा, 'बात कहने का सलीका क्या है, ये तुम्हें शायरी सिखाएगी।' उनकी इन पंक्तियों पर श्रोताओं ने जमकर दाद दी। ओजस्वी काव्य के सशक्त हस्ताक्षर प्रभात सिंह चंदेल ने 'सैनिक की पाती' शीर्षक से रचना सुनाकर सैनिकों के जीवन, उनके संघर्ष और देश के प्रति समर्पण को मार्मिक ढंग से प्रस्तुत किया। उनकी कविता ने श्रोताओं को भावुक करने के साथ ही सैनिकों के त्याग पर सोचने के लिए विवश किया।

गीतों और शायरी से देर तक बंधे रहे श्रोता

सोन संगीत फाउंडेशन के प्रमुख सुशील मिश्रा ने सस्वर देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। वहीं कार्यक्रम का संचालन कर रहे अशोक तिवारी ने 'खौफ है नहीं कोई धूप में नहाने से' जैसी पंक्तियों के जरिए अपने काव्य पाठ से वीरांगना के साहस और संघर्ष को याद किया। अलग-अलग विधाओं में प्रस्तुत कविताओं ने कार्यक्रम को केवल साहित्यिक आयोजन तक सीमित नहीं रखा, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रप्रेम, नारी सम्मान और सामाजिक सरोकारों से जोड़ दिया।कार्यक्रम देर शाम तक चलता रहा। इस दौरान श्रोता कभी वीर रस की हुंकार पर तालियां बजाते रहे तो कभी भावपूर्ण रचनाओं पर भावविभोर नजर आए। अंत में ऋषभ त्रिपाठी ने सभी अतिथियों, कवियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर त्रिपुरारी मिश्रा, प्रदीप सिंह, जयशंकर त्रिपाठी, ओमप्रकाश पाठक, गोपाल बंगाली, बंटी हर्ष, देवानंद पांडेय, गुलाम हुसैन, फारुख अली, हास्मी ठाकुर, कुशवाहा, पुरुषोत्तम मौर्य, अंशिका, आद्या, समता, गीता गौर, एडवोकेट अजीत शुक्ल और नंदलाल सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

mithilesh.sonbhadra@gmail.com
Next Story