Sonbhadra News: सोनभद्र में सड़क हादसों पर सख्ती, ब्लैक स्पॉटों पर लगेगी ‘कैट आई’, स्कूल बसों की रोज होगी जांच

Sonbhadra News: सोनभद्र में बढ़ते सड़क हादसों को रोकने के लिए डीएम चर्चित गौड़ ने कड़े निर्देश दिए हैं। अब ब्लैक स्पॉटों पर 'कैट आई' व साइनेज बोर्ड लगेंगे, स्कूल बसों की रोज जांच होगी और टोल प्लाजा पर 24 घंटे एंबुलेंस व हाइड्रा तैनात रहेंगे।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 21 May 2026 8:17 PM IST (Updated on: 21 May 2026 8:18 PM IST)
Sonbhadra News: सोनभद्र में सड़क हादसों पर सख्ती, ब्लैक स्पॉटों पर लगेगी ‘कैट आई’, स्कूल बसों की रोज होगी जांच
X

Sonbhadra News: जिले में लगातार बढ़ते सड़क हादसों और यातायात अव्यवस्था को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में दिखाई दे रहा है। कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने साफ शब्दों में कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों के पालन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर वहां जल्द कैट आई और साइनेज बोर्ड लगाए जाएंगे, जबकि स्कूल बसों की फिटनेस और सुरक्षा मानकों की रोजाना जांच होगी।

ब्लैक स्पॉटों पर बढ़ेगी सुरक्षा व्यवस्था

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा को जनआंदोलन का रूप दिया जाए। आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाए ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और टोल प्लाजा प्रबंधन को निर्देश दिया कि जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉटों पर एक सप्ताह के भीतर सुरक्षा उपकरण लगाने की कार्रवाई पूरी कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

हर दिन 10 स्कूल बसों की होगी जांच

जिलाधिकारी ने एआरटीओ राजेश्वर यादव को निर्देशित किया कि प्रतिदिन कम से कम 10 स्कूल बसों का निरीक्षण किया जाए। बसों की फिटनेस, फायर सेफ्टी, दस्तावेज, चालक की योग्यता और सुरक्षा मानकों की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए ताकि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता न हो।

टोल प्लाजाओं पर एंबुलेंस और हाइड्रा रहेंगे तैनात

बैठक में टोल प्लाजाओं की व्यवस्थाओं को लेकर भी प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया। निर्देश दिए गए कि हर टोल प्लाजा पर एंबुलेंस और हाइड्रा वाहन चौबीस घंटे उपलब्ध रहें। साथ ही उनकी जीपीएस लोकेशन भी दर्ज की जाए ताकि दुर्घटना या आपात स्थिति में तुरंत राहत पहुंचाई जा सके। टोल प्लाजा परिसर में साफ-सफाई, सुलभ शौचालय, वॉल पेंटिंग और जनजागरूकता के लिए लाउडस्पीकर लगाने के भी निर्देश दिए गए।

जाम की समस्या पर संयुक्त टीम करेगी निगरानी

नगर पालिका क्षेत्रों में लगने वाले जाम को लेकर भी बैठक में गंभीर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने एआरटीओ, पुलिस विभाग और रोडवेज की संयुक्त टीम बनाकर नियमित निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जाम की समस्या से आम लोगों को राहत दिलाने के लिए लगातार मॉनिटरिंग जरूरी है और इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं होनी चाहिए।

ओवरलोड वाहनों पर चलेगा सख्त अभियान

बैठक में ओवरलोड और अवैध परिवहन करने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान तेज करने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप ऐसे वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाए और सड़क सुरक्षा के सभी मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए।

बैठक में अधिशासी अभियंता शैलेष ठाकुर, अधिशासी अभियंता एस.के. सिंह, एआरटीओ राजेश्वर यादव समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Shivam

Shivam

Shivam is a multimedia journalist.

Next Story