Sonbhadra News: सड़क पर दारोगा का हंगामा, वीडियो वायरल होने पर पुलिस विभाग में मचा हड़कंप

Sonbhadra News: ओबरा क्षेत्र में चौकी इंचार्ज पर राहगीरों से अभद्रता व वीडियो बनाने पर मोबाइल छीनने का आरोप। मामले के जांच के आदेश दिए गए।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 28 Sept 2026 9:16 PM IST
Sonbhadra News: सड़क पर दारोगा का हंगामा, वीडियो वायरल होने पर पुलिस विभाग में मचा हड़कंप
X

Sonbhadra News

Sonbhadra News: वजनपद के ओबरा थाना क्षेत्र की एक चौकी इंचार्ज से जुड़ा एक कथित वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने लगा। वीडियो में दिख रहे व्यक्ति को चौकी प्रभारी बताया जा रहा है। वह सड़क पर कुछ लोगों से तीखी बहस करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद सार्वजनिक स्थान पर पुलिसकर्मी के व्यवहार को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

दावा किया जा रहा है कि रविवार शाम चौकी प्रभारी बताए जा रहे पुलिसकर्मी क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान सड़क पर किसी बात को लेकर कुछ स्थानीय लोगों और राहगीरों से उनकी कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बातचीत बढ़ते-बढ़ते विवाद में बदल गई। आरोप है कि उन्होंने ने मौके पर मौजूद लोगों के साथ कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और उन्हें धमकाने लगे। इससे आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुटने लगी।

मोबाइल कैमरा खुला तो और बढ़ी तनातनी

मौके पर मौजूद कुछ युवकों ने विवाद की स्थिति को मोबाइल फोन में रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया। वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी वीडियो बनाए जाने पर नाराजगी जताते और मोबाइल लेकर रिकॉर्डिंग रोकने की कोशिश करते दिखाई देते हैं। घटनाक्रम को लेकर स्थानीय लोगों में चर्चा है कि पुलिसकर्मी ने वीडियो बनाने वाले युवकों से मोबाइल छीनने का प्रयास किया।

वायरल फुटेज में संबंधित व्यवहार और बातचीत के अंदाज को लेकर भी सोशल मीडिया पर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। कुछ लोगों ने उनके नशे में होने की आशंका जताई है, लेकिन इसकी कोई स्वतंत्र या आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। इसलिए इस दावे को फिलहाल आरोप और सोशल मीडिया की चर्चा के रूप में ही देखा जा रहा है।

जांच से सामने आएगा विवाद का असली कारण

अब पूरे मामले में पुलिस विभाग की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि विवाद की शुरुआत किस बात से हुई, मौके पर वास्तव में क्या परिस्थितियां बनीं और वायरल वीडियो में लगाए जा रहे आरोपों की वास्तविकता क्या है। यदि विभागीय जांच होती है तो उसके निष्कर्ष से घटनाक्रम की तस्वीर और साफ हो सकती है।

फिलहाल वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज है। पुलिस महकमे की ओर से मामले पर क्या रुख अपनाया जाता है इस पर लोगों की निगाहें टिकी हैं।वीडियो में दिख रहे व्यक्ति की पहचान तथा घटनाक्रम से जुड़े आरोपों की पुष्टि सक्षम जांच के बाद ही मानी जा सकती है।फिलहाल एक ट्वीट के जवाब में पुलिस का कहना है कि प्रकरण के संबंध में संबंधित थाना को जांच एवं आवश्यक कार्यवाही के लिए निर्देशित किया गया है।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

mithilesh.sonbhadra@gmail.com
Next Story