Sonbhadra News: कबाड़ माफिया पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 40 कुन्तल चोरी की सरिया बरामद, दो गिरफ्तार

Sonbhadra News: सोनभद्र के शक्तिनगर क्षेत्र में पुलिस ने कबाड़ माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की लगभग 40 कुन्तल सरिया से भरी पिकअप जब्त की और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 22 May 2026 5:53 PM IST
Sonbhadra News: कबाड़ माफिया पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 40 कुन्तल चोरी की सरिया बरामद, दो गिरफ्तार
X

Sonbhadra News

Sonbhadra News: जिले में कबाड़ चोरी और अवैध धंधों के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच शक्तिनगर पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की भारी खेप पकड़कर कबाड़ माफिया के नेटवर्क पर जोरदार चोट की है। पुलिस ने लगभग 40 कुन्तल लोहे की चोरी की सरिया से लदे एक पिकअप वाहन को बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि इस पूरे खेल से जुड़े एक अन्य कबाड़ी की तलाश तेज कर दी गई है। बरामद माल की कीमत करीब 2 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है।

भीषण गर्मी और लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि चोरी की सरिया को खपाने की तैयारी थी, लेकिन उससे पहले ही शक्तिनगर पुलिस ने जाल बिछाकर पूरा खेल बिगाड़ दिया।पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर जिलेभर में अपराधियों, कबाड़ चोरी गिरोहों और अवैध कबाड़ी गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के निर्देशन में शक्तिनगर पुलिस ने यह बड़ी सफलता हासिल की।

मुखबिर की सूचना पर दबिश, पिकअप में भरी मिली चोरी की सरिया

पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चोरी की लोहे की सरिया लेकर एक पिकअप वाहन इलाके से गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और घेराबंदी कर वाहन संख्या UP 67 T 9712 को रोक लिया। तलाशी के दौरान वाहन में भारी मात्रा में लोहे की सरिया बरामद हुई।पूछताछ और जांच में खुलासा हुआ कि सरिया चोरी की थी और उसे कबाड़ी नेटवर्क के जरिए खपाने की तैयारी चल रही थी। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को दबोच लिया, जबकि एक अन्य कबाड़ी फरार हो गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिराज उर्फ सिराज पुत्र हकीम तथा पियूष कुमार पुत्र अशोक ठाकुर निवासी खड़िया थाना शक्तिनगर के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना शक्तिनगर में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

कबाड़ चोरी के धंधे पर पुलिस की पैनी नजर

सोनभद्र के औद्योगिक क्षेत्रों में लगातार हो रही लोहे और मशीनरी चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस अब कबाड़ी नेटवर्क की गहराई से जांच में जुट गई है। माना जा रहा है कि इस गिरोह के तार कई अन्य इलाकों से भी जुड़े हो सकते हैं। पुलिस फरार कबाड़ी की तलाश में दबिश दे रही है।इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार राय, उपनिरीक्षक अजय कुमार श्रीवास्तव, कांस्टेबल सत्यम सरोज और कांस्टेबल विजय प्रताप की टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस की इस कार्रवाई को इलाके में अपराधियों के खिलाफ बड़ी चेतावनी के तौर पर देखा जा रहा है।

Shalini singh

Shalini singh

Mail ID - Shalinisingh34678346@gmail.com

Next Story