TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: इंस्टाग्राम पर अश्लील वीडियो अपलोड करने वालों पर शिकंजा, पुलिस ने दो युवकों को दबोचा
Sonbhadra News: सोनभद्र पुलिस ने इंस्टाग्राम पर अश्लील वीडियो अपलोड कर कमाई करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। साइबर सेल की कार्रवाई में दोनों के मोबाइल और डिजिटल डिवाइस जब्त कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
Sonbhadra News
Sonbhadra News: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अश्लील और पोर्नोग्राफिक वीडियो अपलोड कर व्यूज और आर्थिक लाभ कमाने वालों के खिलाफ सोनभद्र पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। साइबर थाना और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में दुद्धी और ओबरा क्षेत्र से दोनों युवकों को पकड़ा गया। पुलिस ने उनके मोबाइल और डिजिटल डिवाइस भी कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में महिला एवं बाल यौन शोषण से जुड़े अपराधों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए साइबर सेल और साइबर थाना लगातार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान गृह मंत्रालय भारत सरकार द्वारा संचालित नेशनल सेंटर फॉर मिसिंग एंड एक्सप्लॉइटेड चिल्ड्रेन (NCMEC) पोर्टल और साइबर ट्रिपलाइन प्रणाली के जरिए अश्लील और चाइल्ड पोर्नोग्राफी से जुड़े वीडियो अपलोड किए जाने की सूचना प्राप्त हुई। जांच में दो शिकायतें सोनभद्र जनपद से संबंधित पाई गईं।
आईपी और मोबाइल डिटेल से खुला राज
साइबर सेल ने शिकायतों की गहन जांच करते हुए संबंधित यूजर की मोबाइल डिटेल, आईपी एड्रेस और सोशल मीडिया प्रोफाइल खंगाली। जांच में सामने आया कि इंस्टाग्राम समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अश्लील सामग्री अपलोड करने में दो युवक शामिल हैं। इसके बाद साइबर थाना प्रभारी धीरेन्द्र कुमार चौधरी के नेतृत्व में टीम गठित की गई और थाना दुद्धी तथा ओबरा पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।पुलिस टीम ने दुद्धी कस्बे से सैफ तथा ओबरा थाना क्षेत्र से राहुल कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि उनके मित्रों का एक सोशल मीडिया ग्रुप था, जिसमें इंस्टाग्राम और फेसबुक के जरिए वीडियो साझा किए जाते थे। अधिक व्यूज और कमाई के लालच में वे अश्लील वीडियो इंटरनेट प्लेटफॉर्म पर अपलोड और शेयर करते थे।
मोबाइल और डिवाइस बरामद
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से वीडियो अपलोड करने में प्रयुक्त मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल डिवाइस बरामद किए हैं। तस्दीक के बाद थाना दुद्धी में मुकदमा संख्या 148/2026 के तहत धारा 77, 294 बीएनएस और 67A आईटी एक्ट में केस दर्ज किया गया। वहीं थाना ओबरा में मुकदमा संख्या 112/2026 के तहत धारा 77, 294 बीएनएस और 67B आईटी एक्ट में अभियोग पंजीकृत कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।गिरफ्तार आरोपितों में दुद्धी के वार्ड नंबर-09 रामनगर निवासी सैफ पुत्र खजमुद्दीन तथा ओबरा के गुरुद्वारा गली चोपन रोड निवासी राहुल कुमार पुत्र रामकिशुन शामिल हैं।
साइबर अपराध को लेकर पुलिस की चेतावनी
कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी धीरेन्द्र कुमार चौधरी, दुद्धी थाना प्रभारी धर्मेन्द्र कुमार सिंह, ओबरा थाना प्रभारी सदानन्द राय समेत साइबर सेल और स्थानीय पुलिस टीम के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।सोनभद्र पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अश्लील, आपत्तिजनक अथवा बाल यौन शोषण से जुड़ी सामग्री सोशल मीडिया पर अपलोड, शेयर या फॉरवर्ड न करें। पुलिस का कहना है कि ऐसा करना गंभीर साइबर अपराध की श्रेणी में आता है और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की गई है।


