Sonbhadra News: सोनभद्र में प्रतिबंधित हॉर्न और साइलेंसर पर चला बुलडोजर, 500 से अधिक उपकरण नष्ट

Sonbhadra News: यातायात जागरूकता माह के तहत जब्त किए गए प्रेशर हॉर्न, हूटर और मॉडिफाइड साइलेंसर को बढ़ौली चौराहे पर बुलडोजर से नष्ट कर पुलिस ने दी सख्त चेतावनी।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 28 Nov 2026 9:22 PM IST
Sonbhadra News: सोनभद्र में प्रतिबंधित हॉर्न और साइलेंसर पर चला बुलडोजर, 500 से अधिक उपकरण नष्ट
X

Sonbhadra News: सड़कों पर अनावश्यक शोर फैलाने और ध्वनि प्रदूषण बढ़ाने वाले प्रतिबंधित उपकरणों के खिलाफ सोनभद्र पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। यातायात जागरूकता माह के तहत चलाए जा रहे अभियान में जब्त किए गए 500 से अधिक प्रेसर हॉर्न, हूटर और मानक के विपरीत साइलेंसर को शनिवार को बुलडोजर से नष्ट करा दिया गया। बढ़ौली चौराहे पर हुई इस कार्रवाई के दौरान प्रतिबंधित उपकरणों को सड़क पर रखकर बुलडोजर चलाया गया। पुलिस की इस कार्रवाई के जरिए वाहन चालकों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि यातायात नियमों का उल्लंघन और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले उपकरणों का इस्तेमाल अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

यातायात अभियान के तहत जुटाए गए प्रतिबंधित उपकरण

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस और जनपदीय पुलिस की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में यातायात माह के दौरान विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच के दौरान प्रतिबंधित प्रेसर हॉर्न, हूटर और निर्धारित मानकों के विपरीत साइलेंसर सहित अन्य उपकरण जब्त किए गए थे। इन उपकरणों को एकत्रित करने के बाद शनिवार को सार्वजनिक रूप से उनका विनष्टीकरण कराया गया। कार्रवाई के दौरान बुलडोजर से सभी जब्त उपकरणों को कुचलकर नष्ट कर दिया गया।

अनावश्यक शोर से आमजन को होती है परेशानी

वाहनों में तेज आवाज वाले प्रेसर हॉर्न और हूटर का इस्तेमाल न केवल यातायात नियमों के विपरीत है, बल्कि इससे आम नागरिकों को भी काफी परेशानी होती है। खासकर बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और आवासीय क्षेत्रों में तेज ध्वनि से लोगों की दिनचर्या प्रभावित होती है। वहीं, मानक के विपरीत साइलेंसर से निकलने वाली तेज आवाज भी ध्वनि प्रदूषण का प्रमुख कारण बनती है। पुलिस का उद्देश्य ऐसे उपकरणों के इस्तेमाल पर प्रभावी रोक लगाकर सड़कों पर अनुशासन और शांतिपूर्ण यातायात व्यवस्था कायम करना है।

वाहन चालकों को पुलिस ने दी सख्त चेतावनी

इस मौके पर क्षेत्राधिकारी यातायात सुधीर सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा और प्रभारी निरीक्षक यातायात नरेन्द्र सिंह मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों में प्रतिबंधित प्रेसर हॉर्न, हूटर अथवा निर्धारित मानकों के विपरीत साइलेंसर न लगवाएं। ऐसे उपकरणों का इस्तेमाल करते पाए जाने पर संबंधित वाहन स्वामियों के विरुद्ध नियमानुसार प्रवर्तन की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान और कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि खुद की और दूसरों की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है। वाहन चलाते समय निर्धारित मानकों का ध्यान रखें, अनावश्यक हॉर्न बजाने से बचें और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले उपकरणों का प्रयोग बिल्कुल न करें। सोनभद्र पुलिस ने आमजन से जिम्मेदार नागरिक बनकर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहयोग करने की अपील की।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

mithilesh.sonbhadra@gmail.com
Next Story