Sonbhadra News: गो-तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, पिकअप वाहन समेत 3 गिरफ्तार

Sonbhadra News: सोनभद्र में गो-तस्करों से पुलिस की मुठभेड़, दो बदमाश घायल, 6 गोवंश मुक्त, 50 हजार का इनामिया गिरफ्तार।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 18 Jun 2026 11:26 AM IST
Sonbhadra News: गो-तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, पिकअप वाहन समेत 3 गिरफ्तार
X

Sonbhadra News

Sonbhadra News: जिले में गो-तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार तड़के पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। रायपुर, पन्नूगंज और रॉबर्ट्सगंज पुलिस के साथ एसओजी/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस और गो-तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में दो शातिर तस्कर घायल हो गए, जबकि कुल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में 50 हजार रुपये का इनामिया बदमाश भी शामिल है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, एक पिकअप वाहन तथा वध के लिए बिहार ले जाए जा रहे छह गोवंश बरामद किए हैं। कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में उत्साह है और इसे गो-तस्करी के नेटवर्क पर बड़ी चोट माना जा रहा है।

रात में मिली सूचना, पुलिस ने बिछाया जाल

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी सदर राज सोनकर के पर्यवेक्षण में संयुक्त टीम को सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन में गोवंशों को भरकर मधुपुर-नौगढ़-चकरघट्टा मार्ग से बिहार ले जाया जा रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस ने रायपुर थाना क्षेत्र के सारसोत के पास बैरियर लगाकर घेराबंदी कर दी। जैसे ही संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, उसमें सवार तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और भागने का प्रयास किया।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश घायल

अचानक हुई फायरिंग के बावजूद पुलिस टीम ने संयम और साहस का परिचय दिया। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल होकर गिर पड़े। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों घायल तस्करों समेत एक अन्य आरोपी को दबोच लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान विकास यादव निवासी कैमूर (भभुआ), बिहार, मेराज कुरैशी निवासी कैमूर (भभुआ), बिहार तथा विजय प्रताप यादव उर्फ वकील यादव निवासी चंदौली के रूप में हुई।

50 हजार का इनामिया निकला मास्टरमाइंड

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार विकास यादव पर पहले से ही 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। वह लंबे समय से गो-तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था तथा कई मामलों में वांछित चल रहा था। पुलिस को उसकी तलाश काफी समय से थी।

बरामदगी ने खोली तस्करी के नेटवर्क की परतें

तलाशी के दौरान विकास यादव और मेराज कुरैशी के पास से एक-एक अवैध तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस और चार खोखा कारतूस बरामद हुए। वहीं पिकअप वाहन से छह गोवंश मुक्त कराए गए, जिन्हें कथित रूप से वध के लिए बिहार ले जाया जा रहा था।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन को भी कब्जे में ले लिया है।

पूछताछ में कबूला गो-तस्करी का खेल

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गो-तस्करी का कार्य करते हैं और गोवंशों को विभिन्न क्षेत्रों से इकट्ठा कर बिहार ले जाकर बेचते थे। पुलिस अब इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।

अपराध की लंबी फेहरिस्त

मुख्य आरोपी विकास यादव के खिलाफ सोनभद्र, चंदौली समेत विभिन्न जनपदों में एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं मेराज कुरैशी पर भी मिर्जापुर जिले में गोवध निवारण अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज बताए गए हैं।

घायल अभियुक्तों को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल लोढ़ी भेजा गया, जहां उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।पुलिस ने इस मामले में बीएनएस, आर्म्स एक्ट तथा उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

सोनभद्र पुलिस का संदेश साफ है— अपराध चाहे जितना संगठित हो, कानून के शिकंजे से बचना अब आसान नहीं होगा।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

Next Story