TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई, आरोपी की संपत्ति कुर्क कर पुलिस ने मचाई हलचल
Sonbhadra News: सोनभद्र पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी संजय चौहान की करीब 54.10 लाख रुपये की अवैध संपत्ति कुर्क की। टाटा नेक्सॉन और हाईवा ट्रक जब्त किए गए।
Sonbhadra News: सोनभद्र जिले में पुलिस ने अपराध और अवैध गतिविधियों से अर्जित संपत्तियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट के तहत एक आरोपी की करीब 54.10 लाख रुपये की चल संपत्ति कुर्क कर दी है। इस कार्रवाई में दो महंगे वाहन, टाटा नेक्सॉन कार और हाईवा ट्रक शामिल हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में खनन और अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चला अभियान
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई है। अभियान का उद्देश्य अपराधियों द्वारा अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को जब्त करना और उनके आर्थिक नेटवर्क को कमजोर करना है। इस कार्रवाई की निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी ओबरा अमित कुमार द्वारा की गई। थाना कोन और थाना ओबरा पुलिस की संयुक्त टीम ने मिलकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्की की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार थाना कोन में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 01/2026 धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम 1986 के तहत आरोपी संजय चौहान पुत्र महावीर, निवासी तकिया थाना रॉबर्ट्सगंज के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है। आरोपी पर आरोप है कि उसने अपराध और अवैध गतिविधियों से अर्जित धन का उपयोग महंगे वाहनों की खरीद में किया था। जिलाधिकारी सोनभद्र के आदेश पर गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत दोनों वाहनों को विधिवत रूप से कुर्क कर लिया गया।
कुर्क की गई संपत्तियों का विवरण
कुर्क की गई संपत्तियों में वाहन संख्या UP64AV4916 टाटा नेक्सॉन शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 9 लाख 23 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा वाहन संख्या UP64CT0316M हाईवा ट्रक भी कुर्क किया गया है, जिसकी कीमत करीब 44 लाख 87 हजार रुपये आंकी गई है। दोनों वाहनों की कुल कीमत लगभग 54 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है।
अवैध धन से संपत्ति खरीदने का खुलासा
पुलिस जांच में यह सामने आया है कि आरोपी ने अवैध गतिविधियों और अपराध से अर्जित धन का उपयोग करके ये संपत्तियां खरीदी थीं। जांच के बाद साक्ष्य जुटाकर नियमानुसार कुर्की की प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
पहले से दर्ज हैं कई गंभीर मामले
संजय चौहान के खिलाफ पहले से ही कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2025 में उसके खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और उपखनिज परिहार नियमावली के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद वर्ष 2026 में गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज हुआ।
पुलिस की आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा (थाना कोन) और प्रभारी निरीक्षक सदानन्द राय (थाना ओबरा) सहित संयुक्त पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अपराध से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और माफियाओं के आर्थिक ढांचे को पूरी तरह ध्वस्त किया जाएगा।


