TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: रॉन्ग साइड वालों को पुलिस का अनोखा संदेश, सेल्फी लेकर बांटी सड़क सुरक्षा की सीख
Sonbhadra News: सोनभद्र पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर अनोखा अभियान चलाते हुए रॉबर्ट्सगंज में सेल्फी बूथ बनाकर लोगों को रॉंग साइड ड्राइविंग के खतरों के प्रति जागरूक किया और नियम पालन करने वालों को सम्मानित भी किया।
Sonbhadra News: जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सोनभद्र पुलिस ने अब जागरूकता का नया और अनोखा तरीका अपनाया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में चलाए जा रहे यातायात जागरूकता अभियान के तहत गुरुवार को रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के चुर्क मोड़ सपा तिराहा पर “सेल्फी स्टेशन/फोटो बूथ” बनाकर लोगों को रॉंग साइड ड्राइविंग के खतरों से अवगत कराया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने युवाओं और वाहन चालकों को आकर्षित करने के लिए अलग-अलग स्लोगन लगाए, जिनमें “Wrong Side Driving Champion”, “गलत साइड = हादसे की फास्ट ट्रैक टिकट”, “भइया, सड़क शॉर्टकट नहीं होती”, “गलत दिशा में गाड़ी, सही दिशा में शर्मिंदगी”, “मेरी जल्दी किसी की जिंदगी से बड़ी नहीं” और “जिंदगी फिल्म नहीं है, रीटेक नहीं मिलेगा” जैसे संदेश प्रमुख रहे। इन संदेशों ने राहगीरों और वाहन चालकों का ध्यान खींचा और लोगों ने सेल्फी लेकर सड़क सुरक्षा का संदेश सोशल मीडिया के माध्यम से भी साझा किया।
फूल देकर किया सम्मानित
यातायात पुलिस ने सिर्फ नियमों का उल्लंघन करने वालों को चेतावनी ही नहीं दी, बल्कि यातायात नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों को फूल और पानी देकर सम्मानित भी किया। हेलमेट पहनकर चलने वाले और सही दिशा में वाहन चलाने वालों को प्रोत्साहित करते हुए पुलिसकर्मियों ने लोगों से सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सहयोग की अपील की।इस दौरान वाहन चालकों को हेलमेट लगाने, सीट बेल्ट का प्रयोग करने तथा रॉंग साइड ड्राइविंग से बचने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश सड़क हादसे जल्दबाजी और गलत दिशा में वाहन चलाने की वजह से होते हैं, जिन्हें थोड़ी सतर्कता से रोका जा सकता है।
एसपी ने खुद संभाली जागरूकता की कमान
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने स्वयं आमजन से संवाद कर यातायात नियमों के पालन की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। यदि लोग नियमों का पालन करें तो सड़क दुर्घटनाओं में काफी कमी लाई जा सकती है।इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी यातायात चारू द्विवेदी, यातायात निरीक्षक नरेन्द्र कुमार सिंह सहित यातायात पुलिस के अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।सोनभद्र पुलिस ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर इस प्रकार के जागरूकता अभियान आगे भी जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए जाते रहेंगे, ताकि लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़े और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।


