Sonbhadra News: IGRS निस्तारण में सोनभद्र पुलिस का जलवा, पूरे प्रदेश में हासिल किया नंबर-1 मुकाम

Sonbhadra News: अप्रैल-2026 की IGRS रैंकिंग में सोनभद्र पुलिस ने 100 में 100 अंक हासिल कर पूरे प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया, 20 थानों ने पाए पूरे अंक।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 8 May 2026 7:43 PM IST
Sonbhadra Police gets number-1 position in IGRS deployment
X

IGRS निस्तारण में सोनभद्र पुलिस का जलवा, पूरे प्रदेश में हासिल किया नंबर-1 मुकाम (Photo- Social Media)

Sonbhadra News: सोनभद्र। जनशिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में सोनभद्र पुलिस ने प्रदेशभर में अपनी अलग पहचान बनाई है। उत्तर प्रदेश शासन के IGRS पोर्टल पर माह अप्रैल-2026 की रैंकिंग में सोनभद्र पुलिस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में जनपद को 100 में से 100 अंक प्राप्त हुए, जिससे पुलिस विभाग में उत्साह का माहौल है।

जनसुनवाई और शिकायत निस्तारण को शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल किया गया है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने जिले के सभी थाना प्रभारियों एवं अधिकारियों को निर्देशित किया था कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसका परिणाम यह रहा कि सोनभद्र पुलिस प्रदेश की नंबर-1 पुलिस बनकर उभरी।

नियमित मॉनिटरिंग और समीक्षा से मिली बड़ी सफलता

IGRS पोर्टल पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण की लगातार समीक्षा की गई। अधिकारियों द्वारा समय-समय पर लंबित मामलों की निगरानी कर कमियों को दूर कराया गया। वहीं IGRS सेल में तैनात पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य के लिए प्रोत्साहित किया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए पारदर्शिता के साथ उनका समाधान कराया गया।

22 में से 20 थानों ने पाए पूरे अंक

जनपद के अधिकांश थानों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 100 में से 100 अंक प्राप्त किए। चोपन, दुद्धी, करमा, बभनी, अनपरा, पिपरी, म्योरपुर, जुगैल, शाहगंज, विण्ढमगंज, शक्तिनगर, रामपुर बरकोनिया, मांची, महिला थाना, ओबरा, पन्नूगंज, घोरावल, रॉबर्ट्सगंज, कोन और बीजपुर थाना ने शत-प्रतिशत अंक अर्जित कर जिले की उपलब्धि को और मजबूत किया।

वहीं रायपुर थाना को 98 अंक तथा हाथीनाला थाना को 99 अंक प्राप्त हुए। इसके बावजूद दोनों थानों का प्रदर्शन भी प्रदेश स्तर पर सराहनीय माना गया।

जनता के विश्वास की बड़ी मिसाल बनी सोनभद्र पुलिस

इस उपलब्धि को सोनभद्र पुलिस की संवेदनशील कार्यशैली, जवाबदेही और जनसमस्याओं के प्रति गंभीरता का प्रतीक माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आगे भी शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखते हुए आमजन को त्वरित न्याय दिलाने का प्रयास जारी रहेगा।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Next Story