Sonbhadra News: सोनभद्र में सील तोड़कर अस्पताल चलाना पड़ा भारी, प्रशासन ने तीसरी बार की कार्यवाही

Sonbhadra News: सोनभद्र के दुद्धी में प्रशासन ने सील तोड़कर दोबारा संचालित किए जा रहे निजी अस्पताल पर तीसरी बार कार्रवाई की। अस्पताल को फिर से सील किया गया और संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी शुरू हुई।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 26 Jun 2026 10:56 PM IST
Sonbhadra News
X

Sonbhadra News (Image Credit-Newstrack)

Sonbhadra News: सोनभद्र जनपद के दुद्धी कस्बे के रामनगर स्थित एक निजी अस्पताल द्वारा प्रशासनिक आदेशों को लगातार चुनौती देने का मामला शुक्रवार को एक बार फिर सामने आया। पहले दो बार सील किए जाने के बावजूद अस्पताल का ताला तोड़कर दोबारा संचालन किए जाने की शिकायत पर राजस्व, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर तीसरी बार अस्पताल को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान अस्पताल में भर्ती मरीज मिलने के साथ ही टीम के साथ अभद्रता करने वाले एक युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। प्रशासन ने अस्पताल संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है।

दो बार सील, फिर भी नहीं रुकी मनमानी



सीएचसी अधीक्षक डॉ. शाह आलम अंसारी ने बताया कि उपजिलाधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर संयुक्त टीम ने रामनगर स्थित नेशनल हेल्थ केयर हॉस्पिटल पर छापा मारा। जांच में पाया गया कि 23 जून को दूसरी बार सील किए गए अस्पताल का ताला तोड़कर फिर से इलाज शुरू कर दिया गया था। इससे पहले मार्च माह में भी अस्पताल पर सील की कार्रवाई हो चुकी थी, लेकिन संचालक ने नियमों और प्रशासनिक आदेशों की अनदेखी करते हुए अस्पताल का संचालन जारी रखा।

छापे से पहले मरीज को दूसरे मकान में पहुंचाया



संयुक्त टीम के पहुंचने की सूचना मिलते ही अस्पताल में भर्ती मरीज को आनन-फानन में करीब 50 मीटर दूर दूसरे मकान में शिफ्ट कर दिया गया। टीम ने वहां पहुंचकर मरीज को बरामद किया। मरीज विजय शंकर निवासी रजमिलान, थाना बीजपुर ने बताया कि मंगलवार को उसका हार्निया का ऑपरेशन इसी अस्पताल में हुआ था। ऑपरेशन के लिए छह हजार रुपये पहले ही जमा कराए गए थे, जबकि कुल 14 हजार रुपये में इलाज तय हुआ था।

टीम को धमकाने की कोशिश, युवक हिरासत में



कार्रवाई के दौरान अस्पताल परिसर में मौजूद वेद प्रकाश प्रजापति निवासी चंदौली ने संयुक्त टीम के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज की और कार्रवाई रोकने का प्रयास किया। बाद में जब उसे पता चला कि सामने प्रशासनिक टीम है तो उसने माफी मांगनी शुरू कर दी और वहां से निकलने की कोशिश की। मौके पर मौजूद कोतवाल धर्मेंद्र सिंह और कस्बा चौकी प्रभारी अमित कुमार सिंह ने उसे तत्काल हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

संचालक पर मुकदमे की तैयारी

सीएचसी अधीक्षक डॉ. शाह आलम अंसारी ने बताया कि अस्पताल को तीसरी बार सील कर दिया गया है। मरीज को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराने की सलाह दी गई, लेकिन परिजन उसे अपने साथ ले गए। अस्पताल संचालक अनूप मौर्या के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।



उपजिलाधिकारी निखिल यादव ने स्पष्ट कहा कि अस्पताल संचालक लगातार प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना कर रहा है। सील की कार्रवाई के बाद भी ताला तोड़कर अस्पताल चलाना गंभीर अपराध है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

संयुक्त कार्रवाई में नायब तहसीलदार ज्ञानेंद्र कुमार, लेखपाल भूपेंद्र कुमार, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग तथा कोतवाली पुलिस की टीम मौजूद रही। लगातार तीसरी बार हुई कार्रवाई ने अवैध रूप से संचालित अस्पतालों की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक आदेशों की खुलेआम अवहेलना पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

Next Story