Sonbhadra: 28 जून के पल्स पोलियो अभियान को लेकर प्रशासन अलर्ट, तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश

Sonbhadra News: सोनभद्र में 28 जून को होने वाले पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने समीक्षा बैठक की। अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने और शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 8 Jun 2026 8:51 PM IST
Sonbhadra: 28 जून के पल्स पोलियो अभियान को लेकर प्रशासन अलर्ट, तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश
X

Sonbhadra News: जनपद को पोलियो मुक्त बनाए रखने और प्रत्येक बच्चे तक जीवनरक्षक टीकाकरण सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से आगामी 28 जून को प्रस्तावित पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें नियमित टीकाकरण कार्यक्रम और पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों की गहन समीक्षा की गई।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अभियान की वर्तमान स्थिति, माइक्रोप्लान, प्रशिक्षण व्यवस्था, निगरानी तंत्र और नियमित टीकाकरण की प्रगति का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने अभियान को सफल बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। वहीं डब्ल्यूएचओ के प्रतिनिधियों ने पिछले चरण की उपलब्धियों और कमियों को रेखांकित करते हुए सुधार के बिंदुओं पर चर्चा की।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि दिसंबर-2025 चरण में जिन कमियों की पहचान की गई थी, उन्हें इस बार किसी भी कीमत पर दोहराया नहीं जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पल्स पोलियो अभियान से जुड़ी प्रत्येक तैयारी निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी कर ली जाए, ताकि अभियान के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से ही यह लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

बैठक के दौरान नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की भी गंभीरता से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने यू-विन पोर्टल पर दर्ज एंटीजनवार ओवरड्यू बच्चों के शत-प्रतिशत टीकाकरण पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिया कि एक सप्ताह के भीतर सभी लंबित बच्चों का टीकाकरण कर डेटा पोर्टल पर अपडेट किया जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र बच्चा टीकाकरण से वंचित नहीं रहना चाहिए और प्रत्येक गांव, बस्ती तथा दूरस्थ क्षेत्र तक स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को चेताया कि टीकाकरण कार्यक्रम में लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं है। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य और भविष्य से जुड़ी योजनाओं में शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा निर्धारित लक्ष्यों को हर हाल में हासिल करना होगा।बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी रमेश कुमार मिश्रा, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. गिरधारी लाल, जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन को उम्मीद है कि व्यापक जनसहभागिता और प्रभावी रणनीति के बल पर आगामी पल्स पोलियो अभियान को पूरी सफलता मिलेगी और जनपद में शत-प्रतिशत प्रतिरक्षण के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

Next Story