Sonbhadra News: पोलियो के खिलाफ जंग तेज, 28 जून से शुरू होगा ड्रॉप पिलाने का महाअभियान

Sonbhadra News: सोनभद्र में 28 जून से शुरू होने वाले सघन पल्स पोलियो महाअभियान के तहत 3.07 लाख से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 27 Jun 2026 4:52 PM IST (Updated on: 27 Jun 2026 5:23 PM IST)
Sonbhadra News: पोलियो के खिलाफ जंग तेज, 28 जून से शुरू होगा ड्रॉप पिलाने का महाअभियान
X

Sonbhadra News

Sonbhadra News: जनपद को पोलियो मुक्त बनाए रखने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने पूरी ताकत झोंक दी है। 28 जून से शुरू हो रहे सघन पल्स पोलियो महाअभियान से पहले शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर से भव्य जनजागरूकता रैली निकालकर लोगों को अभियान से जोड़ने का संदेश दिया गया। रैली को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) जागृति अवस्थी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, एएनएम, आशा कार्यकर्ता, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा नर्सिंग एवं पैरामेडिकल संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पोलियो उन्मूलन का संकल्प दोहराया।रैली में साँई कॉलेज ऑफ नर्सिंग एंड फार्मेसी तथा कीर्ति इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज के छात्र-छात्राओं ने हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर लोगों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए प्रेरित किया। पूरे परिसर में "हर बच्चा, हर बार—पोलियो की दो बूंदें जरूर" का संदेश गूंजता रहा।

अभियान की सफलता में जनसहभागिता सबसे बड़ी ताकत

सीडीओ जागृति अवस्थी ने कहा कि पोलियो एक गंभीर बीमारी है, लेकिन समय पर दी गई पोलियो की दो बूंदें बच्चों को आजीवन सुरक्षित रखने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की कि जन्म से पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को, चाहे उसे पहले कितनी भी बार पोलियो की दवा पिलाई जा चुकी हो, इस बार भी अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक दिलाएं। उन्होंने कहा कि अभियान का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब कोई भी बच्चा दवा से वंचित नहीं रहेगा।उन्होंने जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहनों, शिक्षकों, स्वयंसेवी संस्थाओं और मीडिया से भी अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।

स्वास्थ्य विभाग ने बनाई व्यापक रणनीति

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रमेश कुमार मिश्रा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने अभियान को सफल बनाने के लिए बूथ, ट्रांजिट बूथ और घर-घर भ्रमण करने वाली टीमों की व्यापक व्यवस्था की है। सभी स्वास्थ्य कर्मियों को पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।उन्होंने कहा कि अभिभावक अपने बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ तक अवश्य लेकर आएं। यदि किसी कारणवश बच्चा बूथ तक नहीं पहुंच पाता है तो घर आने वाली स्वास्थ्य टीम से पोलियो की खुराक अवश्य दिलवाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि जनसहयोग से जनपद में पोलियो उन्मूलन की उपलब्धि और अधिक मजबूत होगी।

3.07 लाख बच्चों तक पहुंचेगी पोलियो की खुराक

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. गिरधारी लाल ने बताया कि इस चरण में जनपद के 3,07,095 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 1092 पोलियो बूथ, 36 ट्रांजिट टीमें और 7 मोबाइल टीमें गठित की गई हैं।उन्होंने बताया कि 28 जून को बूथ दिवस के अवसर पर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक जिले के सभी निर्धारित पोलियो बूथों पर जन्म से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। विभाग का प्रयास है कि अधिक से अधिक बच्चों को बूथों पर ही दवा पिलाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जाए।स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को पोलियो की दो बूंदें अवश्य पिलाएं और इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं। विभाग का स्पष्ट संदेश है—"हर बच्चा, हर बार... पोलियो की दो बूंदें जरूर।"

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

Next Story