Sonbhadra RALOD Conference: राष्ट्रीय महासचिव बोले- किसानों का सम्मान प्रमुख

Sonbhadra RALOD Conference : अनिल दुबे ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों की खुशहाली और सम्मान रालोद का मुख्य एजेंडा है, पंचायत चुनाव में पार्टी मैदान में

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 15 Oct 2025 8:58 PM IST
Sonbhadra RALOD Conference: राष्ट्रीय महासचिव बोले- किसानों का सम्मान प्रमुख
X

Sonbhadra RALOD Conference ( Image From Social Media ) 

Sonbhadra RALOD Conference: राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय महासचिव अनिल दुबे ने कहा कि “किसानों की खुशहाली और उनका मान-सम्मान ही रालोद का प्रमुख एजेंडा है — यही हमारा अस्तित्व और हमारी पहचान है।”वे बुधवार को चतरा विकास खंड के रैयागोसाईं गांव में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

इससे पहले सोनभद्र पहुंचने पर जिलाध्यक्ष श्रीकांत त्रिपाठी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह उनका जोरदार स्वागत किया। सिंचाई डाक बंगला परिसर में उन्होंने चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किया और नगर स्थित लोकदल कार्यालय में पत्रकार वार्ता की।पत्रकारों से बातचीत में अनिल दुबे ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में रालोद एनडीए के समर्थन में रहेगा, हालांकि पार्टी स्वयं उम्मीदवार नहीं उतारेगी। वहीं उत्तर प्रदेश के आगामी पंचायत चुनाव में पार्टी पूरी मजबूती से अकेले मैदान में उतरेगी।

उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देकर पूरे देश के अन्नदाताओं का सम्मान किया है। रालोद आज भी किसानों और मजदूरों की आवाज बनकर एनडीए सरकार में सशक्त भूमिका निभा रहा है।

संगठन बूथ स्तर तक तैयार – श्रीकांत त्रिपाठी

चतरा में आयोजित सम्मेलन में पहुंचे हजारों कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष श्रीकांत त्रिपाठी ने कहा कि सोनभद्र की धरती पर रालोद लगातार जनसमर्थन बढ़ा रहा है। किसानों, युवाओं और महिलाओं में पार्टी के प्रति भरोसा बढ़ा है। उन्होंने कहा कि रालोद किसान और आमजन के सम्मान की राजनीति करता है और आगामी पंचायत चुनाव में सोनभद्र निर्णायक भूमिका निभाएगा।राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह के नेतृत्व में कौशल विकास मंत्रालय के जरिए युवाओं को स्किल डेवलपमेंट और रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। सदस्यता अभियान पूरे प्रदेश में तेज गति से चल रहा है और पूर्वांचल में सोनभद्र रालोद का मजबूत गढ़ बन चुका है।

किसानों ने उठाई सिंचाई व बीज की समस्या

सम्मेलन में उपस्थित किसानों ने क्षेत्रीय समस्याओं से राष्ट्रीय महासचिव को अवगत कराया। प्रमुख मांगों में जसौली सिंचाई परियोजना का शीघ्र निर्माण, नहरों की सफाई और समय से खाद-बीज की उपलब्धता रही।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष विनोद मिश्रा ने की और संचालन जिला मीडिया प्रभारी समित मिश्रा (सन्नी) ने किया।कार्यक्रम में प्रमुख रूप से अनिल सिंह, मूरली सिंह चौहान, रोहित सिंह, विजय भारती, ओमप्रकाश भारती, बृजनंदन मौर्य, सुनील गुप्ता, प्रशांत सिंह, विवेक चतुर्वेदी, राजकुमार मिश्रा,

पवन मिश्रा, मृत्युंजय मिश्रा, अलोपी चंद्र अग्रवाल, राकेश मिश्रा, सत्येंद्र चौहान, रजिन्दर कुशवाहा सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में जिलाध्यक्ष श्रीकांत त्रिपाठी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि “राष्ट्रीय महासचिव अनिल दुबे के नेतृत्व में रालोद को गांव-गांव तक मजबूत करने का संकल्प लिया गया है।”

1 / 5
Your Score0/ 5
Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

Next Story