Sonbhadra News :रील बनाने का जुनून बना आफत, रिहंद जलाशय में डूबे दो किशोर, तलाश जारी

Sonbhadra News : सोनभद्र के रिहंद जलाशय में रील बनाते समय दो किशोर लापता, किनारे मिले कपड़े और सामान से मचा हड़कंप, खोज अभियान जारी।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 3 Jun 2026 10:19 AM IST
Sonbhadra News :रील बनाने का जुनून बना आफत, रिहंद जलाशय में डूबे दो किशोर, तलाश जारी
X

Sonbhadra News

Sonbhadra News: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जनपद के शक्तिनगर थाना क्षेत्र के रिहंद जलाशय स्थित कोटा बोट प्वाइंट पर मंगलवार को दो किशोरों के रहस्यमय ढंग से लापता होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जलाशय किनारे दोनों के कपड़े और अन्य सामान मिलने के बाद आशंका जताई जा रही है कि वे गहरे पानी में समा गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासन और परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। देर शाम तक चले खोज अभियान के बावजूद दोनों किशोरों का कोई सुराग नहीं लग सका।

जानकारी के अनुसार शक्तिनगर थाना क्षेत्र के कोटा बस्ती निवासी 17 वर्षीय अंकित दास और 17 वर्षीय पीयूष सिंह मंगलवार दोपहर रिहंद जलाशय के कोटा बोट प्वाइंट क्षेत्र में गए थे। बताया जा रहा है कि दोनों किशोर वहां नहाने के साथ-साथ मोबाइल से रील भी बना रहे थे। शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई और उनकी तलाश शुरू की गई।खोजबीन के दौरान जलाशय किनारे दोनों किशोरों के कपड़े और अन्य सामान पड़े मिले। यह दृश्य देखते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। मामले की सूचना तत्काल शक्तिनगर पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय गोताखोरों की मदद से जलाशय में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कराया गया। गोताखोर घंटों तक गहरे पानी में दोनों किशोरों की तलाश करते रहे, लेकिन देर शाम तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी। अंधेरा बढ़ने के साथ परिजनों की बेचैनी और भी बढ़ती चली गई।मामले को और रहस्यमय बनाने वाली बात यह है कि एक किशोर के कपड़े बोट प्वाइंट के अंतिम छोर पर मिले, जबकि दूसरे के कपड़े एक झोले में कुछ दूरी पर बरामद हुए। वहीं एक किशोर का मोबाइल फोन भी घटनास्थल से काफी दूर जंगल की तरफ मिला है। इन परिस्थितियों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनकी तह तक पहुंचने के लिए पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।

प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र राय ने बताया कि मामले की सूचना फॉरेंसिक टीम के अलावा एनडीआरएफ और एसडीआरएफ को भी दे दी गई है। आवश्यक सहायता के लिए संबंधित विभागों को पत्र भेजा गया है। पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। प्रारंभिक जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि रील बनाने और नहाने के दौरान दोनों किशोर किसी हादसे का शिकार हुए होंगे, लेकिन कपड़ों और मोबाइल की बरामदगी ने घटना को रहस्य से घेर दिया है। फिलहाल शक्तिनगर पुलिस खोज अभियान के साथ-साथ सभी संभावित बिंदुओं पर गहन जांच कर रही है। पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चा का माहौल है और परिजनों की निगाहें अब तलाश अभियान के नतीजों पर टिकी हुई हैं।

@Shalini Rai

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

Next Story