Sonbhadra Accident: ट्रक-बाइक की जोरदार भिड़ंत, एक युवक की मौत से गांव में मातम

Sonbhadra News : सोनभद्र के सुकृत में ट्रक से बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल, पुलिस ने जांच शुरू की।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 22 July 2026 10:36 AM IST
Sonbhadra Accident: ट्रक-बाइक की जोरदार भिड़ंत, एक युवक की मौत से गांव में मातम
X

Sonbhadra News

Sonbhadra News : जनपद के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के सुकृत में मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां पलभर में उजाड़ दीं। ट्रक से मोटरसाइकिल की जोरदार भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

जानकारी के मुताबिक बहुआरा गांव निवासी जानू अली पुत्र इरफान और सूर्यप्रकाश पुत्र शिवशंकर विश्वकर्मा मंगलवार रात मोटरसाइकिल से सुकृत से अपने घर लौट रहे थे। रात करीब 10:30 बजे सुकृत क्षेत्र में उनकी बाइक एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बिना देर किए दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मधुपुर पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद जानू अली को मृत घोषित कर दिया, जबकि सूर्यप्रकाश की हालत गंभीर होने के कारण उसका उपचार जारी है। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज किया जा रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए लोढ़ी मोर्चरी हाउस भेज दिया। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।जानू अली की मौत की खबर जैसे ही बहुआरा गांव पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतक के घर पर परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। वहीं घायल युवक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता खड़ी करता है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

mithilesh.sonbhadra@gmail.com
Next Story