TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: सोनभद्र में दर्दनाक हादसा, गुजरात से लौटे दो दोस्तों की बाइक नाले में गिरने से मौत
Sonbhadra News: सोनभद्र के चोपन थाना क्षेत्र में वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक के अनियंत्रित होकर नाले में गिरने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
Sonbhadra News: जनपद के चोपन थाना क्षेत्र अंतर्गत शनिवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर पटवध के समीप तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गहरे नाले में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि परिजनों में चीख-पुकार और मातम का माहौल फैल गया।
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब सात बजे राहगीरों ने सड़क किनारे नाले में बाइक गिरी देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची चोपन थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों युवकों को बाहर निकलवाया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू करते हुए शवों की पहचान कराने की कोशिश की। काफी देर बाद मृतकों की पहचान विकास गोंड पुत्र अजय सिंह गोंड तथा मनीष पुत्र मगरू निवासी गुरमा, थाना चोपन के रूप में हुई।
हादसे की खबर जैसे ही गांव पहुंची, दोनों परिवारों पर मानो दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घरों में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों युवक गुजरात के सूरत शहर में मजदूरी का काम करते थे और कुछ ही घंटे पहले कमाई कर अपने घर लौटे थे। परिवार के लोगों ने बताया कि दोनों युवक शाम को मारकुंडी क्षेत्र में मिठाई लेने जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन वे पटवध कैसे पहुंच गए, यह अब भी रहस्य बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे बने गहरे नाले और अंधेरे की वजह से हादसा और भी खतरनाक साबित हुआ। लोगों ने मार्ग की बदहाल स्थिति और सुरक्षा इंतजामों की कमी पर भी सवाल उठाए हैं। घटना के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं चोपन पुलिस हादसे के कारणों की बारीकी से जांच कर रही है।एक ही गांव के दो युवकों की अचानक मौत से गुरमा गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। जिन घरों में कुछ घंटे पहले बेटों के लौटने की खुशी थी, वहां अब मातम और चीखों की गूंज सुनाई दे रही है।


