Sonbhadra News: आरओबी निर्माण से पहले मचेगा बवाल? वैकल्पिक रास्ते के बिना फाटक बंद करने पर भड़के लोग

Sonbhadra News: सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज रेलवे फाटक पर बनने वाले आरओबी को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। बिना वैकल्पिक रास्ते के फाटक बंद किए जाने की आशंका पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मवीर तिवारी ने रेलवे प्रशासन को चेतावनी दी है।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 28 May 2026 9:56 PM IST
Sonbhadra News: आरओबी निर्माण से पहले मचेगा बवाल? वैकल्पिक रास्ते के बिना फाटक बंद करने पर भड़के लोग
X

Sonbhadra News

Sonbhadra News: जनपद के रॉबर्ट्सगंज रेलवे फाटक पर बनने जा रहे रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) को लेकर जहां एक ओर लोगों में जाम से मुक्ति की उम्मीद जगी है, वहीं दूसरी ओर बिना तैयारी और वैकल्पिक व्यवस्था के निर्माण कार्य शुरू होने की सुगबुगाहट ने शहर में बेचैनी बढ़ा दी है। गुरुवार को पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मवीर तिवारी ने मौके पर पहुंचकर रेलवे प्रशासन की कार्यशैली पर तीखा सवाल खड़ा किया और साफ कहा कि यदि पहले व्यवस्था नहीं हुई तो हजारों लोगों की जिंदगी प्रभावित हो जाएगी।

उन्होंने कहा कि रॉबर्ट्सगंज-खलियारी मार्ग सिर्फ एक सड़क नहीं, बल्कि सोनभद्र से लेकर बिहार सीमा तक हजारों गांवों की जीवनरेखा है। रोजाना छात्र, व्यापारी, कर्मचारी, मरीज और आम नागरिक इसी रास्ते से आवाजाही करते हैं। ऐसे में यदि रेलवे फाटक को बंद कर निर्माण शुरू कर दिया गया तो शहर की रफ्तार थम जाएगी। सबसे बड़ी चिंता इस बात को लेकर है कि अब तक प्रशासन या रेलवे विभाग ने यह नहीं बताया कि रास्ता कितने समय तक प्रभावित रहेगा और लोगों के लिए कौन-सा वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराया जाएगा।

धर्मवीर तिवारी ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि जुलाई से स्कूल खुलने वाले हैं। ऐसे समय में यदि फाटक बंद हुआ तो स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। वहीं रात के समय मरीजों और आपातकालीन सेवाओं के लिए स्थिति और भी भयावह हो सकती है। उन्होंने कहा कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था के काम शुरू करना सीधे तौर पर आम जनता को संकट में धकेलने जैसा होगा।उन्होंने रेलवे प्रशासन से मांग की कि निर्माण शुरू करने से पहले विस्तृत एडवाइजरी जारी की जाए, ताकि लोगों को पहले से पूरी जानकारी मिल सके। साथ ही पैदल यात्रियों और बाइक सवारों के लिए सुरक्षित वैकल्पिक रास्ता तत्काल तैयार कराया जाए।

पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ने बताया कि इस मुद्दे पर उनकी जिलाधिकारी से बातचीत हुई है। जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया है कि आम लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो, इसके लिए पैदल और दोपहिया वाहनों हेतु वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाएगी।इस दौरान रमेश श्रीवास्तव, आशीष श्रीवास्तव, अभिषेक श्रीवास्तव, सृजन श्रीवास्तव, राजकुमार सोनी, सचिव कुमार सोनी, भरत सोनी, दिनेश पांडेय, विष्णु सोनी, पुरुषोत्तम सोनी, लवकुश सोनी, विकास केसरी, गणेश केशरी, विनोद केशरी, मुकुंद केशरी, शरद केशरी, रवि केशरी और बच्चा केसरी समेत बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।

Shalini singh

Shalini singh

News Publisher Mail ID - Shalinisingh34678346@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story