Sonbhadra News: सोनभद्र में पासरों और अवैध खनन नेटवर्क पर रॉबर्ट्सगंज पुलिस का शिकंजा, 4 गिरफ्तार

Sonbhadra News: सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र में पुलिस ने अवैध खनन और पासरों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए 5 वाहनों को सीज किया और 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 23 May 2026 7:46 PM IST
Sonbhadra News: सोनभद्र में पासरों और अवैध खनन नेटवर्क पर रॉबर्ट्सगंज पुलिस का शिकंजा, 4 गिरफ्तार
X

Sonbhadra News

Sonbhadra News: जिले में अवैध खनन, पासरों की सक्रियता और नियमों को ठेंगा दिखाकर सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों के खिलाफ रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने शनिवार को बड़ा अभियान चलाते हुए ताबड़तोड़ कार्रवाई की। पुलिस की सघन चेकिंग में बिना नंबर प्लेट, काली फिल्म और संदिग्ध गतिविधियों में इस्तेमाल हो रहे चार फोरव्हीलर वाहनों समेत एक ट्रक को सीज कर दिया गया, जबकि मौके से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई से अवैध परिवहन और पासिंग के धंधे में लगे लोगों में हड़कंप मच गया।

खनन माफिया और पासरों पर पुलिस की सीधी चोट

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर जिले में अवैध खनन, पासरों की गतिविधियों और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार तथा क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने कई स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।

बिना नंबर प्लेट और काली फिल्म वाले वाहन पकड़े गए

जांच के दौरान पुलिस को चार ऐसे फोरव्हीलर वाहन मिले जिन पर न तो नंबर प्लेट थी और न ही नियमों का पालन किया गया था। वाहनों पर काली फिल्म लगी हुई थी और प्राथमिक जांच में सामने आया कि इन्हें बिना परमिट उपखनिज से लदे वाहनों को पास कराने और अवैध परिवहन नेटवर्क को संरक्षण देने में इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी वाहनों को कब्जे में ले लिया।

अवैध राखड़, गिट्टी और बालू ढोता ट्रक भी सीज

इसी दौरान एक ट्रक भी पकड़ा गया जो अवैध तरीके से राखड़, गिट्टी और बालू का परिवहन करता मिला। पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सभी वाहनों का ई-चालान करते हुए उन्हें सीज कर दिया। कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में मुकेश पुत्र नारद यादव, रुपेन्द्र यादव पुत्र उमाशंकर यादव, नितीश पुत्र राजनाथ यादव निवासी उटवा मचगई थाना चकरघट्टा तथा विकास पुत्र धीरज शामिल हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

लगातार जारी रहेगा अभियान

पूरे अभियान का नेतृत्व चौकी प्रभारी चुर्क विनोद कुमार यादव और चौकी प्रभारी सुकृत मानवेन्द्र सिंह ने अपनी टीम के साथ किया। पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध खनन और पासरों के गठजोड़ पर सीधी चोट माना जा रहा है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद की गई इस कार्रवाई से साफ संकेत दिया गया है कि नियमों को ताक पर रखकर अवैध कारोबार चलाने वालों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Shalini singh

Shalini singh

News Publisher Mail ID - Shalinisingh34678346@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story