TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: सत्य सनातन ट्रस्ट साइबर ठगी केस में दो और गिरफ्तार, अब तक पांच धराए
Sonbhadra News: सोनभद्र में सत्य सनातन ट्रस्ट के खाते से 2.37 करोड़ के संदिग्ध लेनदेन मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को किया गिरफ्तार।
Sonbhadra News: सत्य सनातन ट्रस्ट के नाम से पंजीकृत बैंक खाते से जुड़े करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन के मामले में दुद्धी पुलिस ने दो और वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। इस मामले में मुख्य आरोपी हरिकेश पाण्डेय उर्फ ऋषिकेश समेत अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
35 शिकायतों से सामने आया 2.37 करोड़ का संदिग्ध लेनदेन
पुलिस के अनुसार, समन्वय (JMIS) पोर्टल के माध्यम से सत्य सनातन ट्रस्ट के नाम से पंजीकृत बैंक खाते की जांच में साइबर धोखाधड़ी से संबंधित 35 शिकायतें मिली थीं। जांच के दौरान खाते से करीब 2.37 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन की जानकारी सामने आई। इस संबंध में मु0अ0सं0-281/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 336(3), 338 और 340(2) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66डी में मुकदमा दर्ज किया गया है।इस प्रकरण में दुद्धी पुलिस ने 25 अक्टूबर को मुख्य आरोपी हरिकेश पाण्डेय उर्फ ऋषिकेश समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस शेष वांछित आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
रनटोला तिराहे से हुई गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल, क्षेत्राधिकारी साइबर हर्ष पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई।
प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह के नेतृत्व में दुद्धी पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 26 अक्टूबर को शाम करीब 6:10 बजे म्योरपुर थाना क्षेत्र के रनटोला तिराहे से दोनों वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनपरा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-11 निवासी प्रवेश राज सिंह (40), पुत्र विष्णुदेव सिंह, तथा रेहटा निवासी जोनसीन क्रिशायान उर्फ राजेश कुमार (36), पुत्र सोमारू, के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद 27 अक्टूबर को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के लिए रवाना किया गया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक संजय सिंह (चौकी प्रभारी कस्बा दुद्धी), उपनिरीक्षक हरिकेश राम आजाद, हेड कांस्टेबल शेरबहादुर यादव, कांस्टेबल सुनील सरोज, कांस्टेबल गणेश मिश्रा और चालक कांस्टेबल अरविन्द कुमार यादव शामिल रहे। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।


